मप्र में ग्वालियर के स्वच्छता में अव्वल आने पर सिंधिया ने दी बधाई, बोले- अब धूल और गड्ढों से दिलाएं मुक्ति

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
ग्वालियर, 11 नवंबर (हि.स.)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में मध्य प्रदेश में पहला स्थान हासिल करने पर ग्वालियर को सम्मान मिला है। शहर को 'स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी ऑफ मध्य प्रदेश' का पुरस्कार दिया गया। बुधवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस उपलब्धि पर शहरवासियों और नगर निगम की टीम को बधाई दी। साथ ही उन्होंने सड़कों पर उड़ती धूल और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर प्रशासन को ध्यान देने की नसीहत भी दी।
दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ग्वालियर नगर निगम की टीम को सम्मानित किया। शहर की ओर से नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, पूर्व आयुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव और उपायुक्त मुकेश बंसल ने पुरस्कार ग्रहण किया। इस उपलब्धि को नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है।
नंबर-1 बनना गर्व की बात, लेकिन काम अभी बाकी
बुधवार देर शाम ग्वालियर पहुंचे केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि स्वच्छता के मामले में प्रदेश में पहला स्थान हासिल करना खुशी और गर्व की बात है। इसके लिए शहर के लोगों और नगर निगम की पूरी टीम को बधाई मिलनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस उपलब्धि के बाद रुकना नहीं है, क्योंकि असली चुनौती अब शुरू होती है।
सिंधिया ने शहर की सड़कों पर उड़ती धूल और जगह-जगह बने गड्ढों की समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका समाधान जरूरी है। स्वच्छता में अव्वल आने का लाभ नागरिकों को तभी पूरी तरह महसूस होगा, जब सड़कों की हालत सुधरेगी और धूल से राहत मिलेगी। प्रदेश में पहला स्थान मिलने के बाद नगर निगम के सामने अब दोहरी जिम्मेदारी है। एक ओर स्वच्छता के स्तर को बनाए रखना है, वहीं दूसरी ओर सड़कों की बदहाली, गड्ढों और धूल की समस्या दूर कर शहर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर