Live VNS

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने मप्र के कोलारस को दी 3.97 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने मप्र के कोलारस को दी 3.97 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

शिवपुरी, 14 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को शिवपुरी जिले के कोलारस में 3.97 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें 2.97 करोड़ की लागत से कोलारस में आधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण तथा एक करोड़ की लागत से स्टेडियम से एसडीएम कार्यालय तक सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और जीवन में संघर्ष करके आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। कोलारस के बच्चों और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह स्टेडियम विकसित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि कोलारस में बनने वाला नया स्पोर्ट्स स्टेडियम क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात है। इस स्टेडियम के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास, प्रशिक्षण और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिलेगा। इस दौरान सिंधिया ने बच्चों के साथ बैडमिंटन भी खेला। उन्होंने प्रशासन को निर्देशित किया कि स्टेडियम निर्माण का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र के खिलाड़ी शीघ्र ही इस सुविधा का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उचित सुविधाओं, प्रशिक्षण और अवसरों की है।

कोलारस स्टेडियम से एसडीएम कार्यालय तक एक करोड़ की लागत से सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया। इस अवसर पर सिंधिया ने कहा कि यह सड़क आधुनिक और बेहतर गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप बनाई जाएगी, जिससे स्टेडियम तक पहुंचना आसान होगा और स्थानीय नागरिकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि कोलारस विधानसभा में खेल सुविधाओं के विस्तार की एक व्यापक श्रृंखला शुरू की गई है।

जूडो और वुशु में बच्चों के प्रदर्शन ने किया प्रभावित

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय बच्चों और बच्चियों द्वारा इंडोर स्टेडियम में मैट पर जूडो और वुशु का प्रदर्शन किया गया। सिंधिया ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में बच्चों का यह कौशल और आत्मविश्वास देखकर वे स्वयं प्रभावित हुए हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके प्रशिक्षकों को भी बधाई दी। उन्होंने बताया कि कोलारस के इंडोर स्टेडियम में मैट की सुविधा उपलब्ध हो चुकी है और बैडमिंटन कोर्ट भी तैयार किया गया है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों में अभ्यास करने के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा।

शिवपुरी की खेल उपलब्धियां पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा

इस दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने शिवपुरी के श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर का उल्लेख करते हुए कहा कि लगभग 15 वर्ष पहले स्थापित इस खेल परिसर ने आज अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं के साथ अपनी पहचान बनाई है। हाल ही में शिवपुरी में 70वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन हुआ, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि क्रिकेट में लावण्या और दीक्षा धाकड़ मध्य प्रदेश की अंडर-17 टीम तक पहुंची हैं, वहीं राइफल शूटिंग में नीरू डांडिया ने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों से यह स्पष्ट है कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।

पंचायत से विधानसभा स्तर तक क्रिकेट टूर्नामेंट

सिंधिया ने कोलारस में खेल गतिविधियों को और व्यापक बनाने के लिए विशेष पहल की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत की टीम बनाकर क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू की जाए। पंचायत स्तर से विजेता टीमें ब्लॉक स्तर पर और फिर विधानसभा स्तर पर मुकाबला करें। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि शिवपुरी जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों कोलारस, शिवपुरी, पिछोर, करेरा और पोहरी की टीमों के बीच प्रतियोगिता आयोजित की जाए। इसके तहत सेमीफाइनल मुकाबले शिवपुरी में और फाइनल मुकाबला कोलारस में आयोजित किया जाए। उन्होंने स्वयं भी इस प्रतियोगिता में शामिल होकर खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेलने की इच्छा व्यक्त की।

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जनवरी में आयोजित होने वाले सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत क्रिकेट के साथ बैडमिंटन प्रतियोगिताओं को भी शामिल करने का सुझाव दिया और उपस्थित बच्चों तथा जनप्रतिनिधियों से इसमें सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने ने विश्वास व्यक्त किया कि कोलारस में विकसित हो रहा नया स्पोर्ट्स स्टेडियम आने वाले समय में क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाएगा और यहां से निकलने वाले खिलाड़ी शिवपुरी, ग्वालियर-चंबल क्षेत्र तथा देश का नाम रोशन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…