सीहोरः रोजगार मेले में 203 युवक-युवतियों का चयन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- स्वरोजगार के हितग्राहियों को मिले 25 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र
सीहोर, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर स्थित डॉ. अंबेडकर शासकीय महिला आईटीआई में मंगलवार को रोजगार स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में 382 युवक-युवतियों ने पंजीयन कराया, जिसमें 203 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया।
रोजगार मेले में शामिल 11 कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए । मेले का उद्देश्य जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
स्वरोजगार के लिए 25 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित
युवा संगम मेले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के अंतर्गत दो हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। जिला उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, सीहोर द्वारा दामोदर प्रसाद राठौर को आटा निर्माण इकाई तथा राजन सिंह सिकरवार को कुरकुरे निर्माण इकाई स्थापित करने के लिए कुल 25 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
शासकीय योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान शासन के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों द्वारा युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल उन्नयन से संबंधित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही युवाओं को इन योजनाओं का लाभ लेकर अपना भविष्य संवारने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
रोजगार मेले में एलडीएम जगदीप भट्टाचार्य, जीएम डीआईसी अनुराग वर्मा, जिला रोजगार अधिकारी कमलेश पटेल, प्राचार्य डॉ. अंबेडकर शासकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गब्बू परमार, रामजी पटेल उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर