मध्य प्रदेश में शिवपुरी बन रहा नई खेल प्रतिभाओं का केंद्र: ज्योतिरादित्य सिंधिया

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- सिंधिया ने शिवपुरी में 70वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप का किया शुभारंभ, खिलाड़ियों के साथ खेला क्रिकेट
शिवपुरी, 12 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी खेल के क्षेत्र में भी यह नई पहचान बना रहा है। शहर में श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, वीर सावरकर स्टेडियम, विजयपुर स्टेडियम और इंडोर हॉल जैसी खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं। देश की पहली शासकीय महिला क्रिकेट अकादमी शिवपुरी में स्थापित होना गौरव का विषय है।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया गुरुवार को शिवपुरी स्थित श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 70वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप (अंडर-17 बालक) का शुभारंभ करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और खेल प्रेमियों का स्वागत किया। इसके पहले केंद्रीय मंत्री ने अंडर-18 अंतर-जिला क्रिकेट टूर्नामेंट का भी शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान सिंधिया ने क्रिकेट भी खेला और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
देश भर के आए खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिवपुरी की धरती पर देशभर की खेल प्रतिभाओं का एकत्रित होना गौरव का विषय है। खिलाड़ी यहां केवल पदक जीतने नहीं, बल्कि अपने सपनों को नई उड़ान देने और अपने प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने आए हैं।
खेलों के प्रति सोच को आगे बढ़ाना हमारा संकल्प
सिंधिया ने कहा कि श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का नाम उनके पूज्य पिताजी श्रीमंत माधवराव सिंधिया जी के नाम पर है। उनके पिताजी का खेलों के प्रति विशेष लगाव था। उनका मानना था कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और चरित्र निर्माण का माध्यम हैं। उनके पिताजी चाहते थे कि युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर अवसर और मंच मिले। आज इसी परिसर में देश के विभिन्न राज्यों के सैकड़ों खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाते देखकर उन्हें विशेष संतोष हो रहा है। इस परिसर को आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने का केंद्र बनाना ही उनके पिताजी की सोच को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने विशेष रूप से मध्य प्रदेश राज्य महिला क्रिकेट अकादमी का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की पहली शासकीय महिला क्रिकेट अकादमी शिवपुरी में स्थापित होना गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के आयोजन के बाद अब राष्ट्रीय स्कूल गेम्स की मेजबानी करना इस बात का प्रमाण है कि शिवपुरी राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों के लिए अपनी क्षमताओं को लगातार विकसित कर रहा है।
शिवपुरी की बेटियों ने खेल के मैदान में बढ़ाया क्षेत्र का गौरव
सिंधिया ने शिवपुरी की उभरती खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र की बेटियां भी खेलों में लगातार अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने प्रसिद्ध क्रिकेटर कपिल यादव की सुपुत्रियों दक्षता यादव एवं लावन्या यादव का अंडर-17 मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम में चयन होने पर उन्हें और उनके परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों से यह विश्वास मजबूत होता है कि शिवपुरी और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में शिवपुरी का कोई बेटा या बेटी भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बने, हॉकी में देश का प्रतिनिधित्व करे, एथलेटिक्स में विश्व स्तर पर तिरंगा फहराए और ओलंपिक में भारत के लिए पदक जीते।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में खेलों को मिल रहा नया प्रोत्साहन
सिंधिया ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के प्रति सोच, सुविधाओं और खिलाड़ियों को मिलने वाले अवसरों में व्यापक बदलाव आया है। खेलो इंडिया कार्यक्रम के माध्यम से स्कूलों और युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा पहचानने, उन्हें प्रशिक्षण देने और प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसका सकारात्मक परिणाम अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भारत के प्रदर्शन में दिखाई दे रहा है। कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स और पैरा एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियां देश की बढ़ती खेल क्षमता, मेहनत और सामर्थ्य का प्रमाण हैं। आज भारत वैश्विक खेल मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
शिवपुरी से निकलेंगी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतिभाएं
सिंधिया ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता में जीतने वाला खिलाड़ी पदक लेकर जाएगा, लेकिन हर खिलाड़ी यहां से अनुभव, आत्मविश्वास और नई प्रेरणा लेकर लौटे, यही इस आयोजन की वास्तविक सफलता होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से आने वाले वर्षों में ऐसी अनेक प्रतिभाएं निकलेंगी, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनका सपना है कि शिवपुरी की धरती से निकला कोई खिलाड़ी एक दिन ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर पूरे देश को गौरवान्वित करे।
प्रतियोगिता में 38 प्रदेशों के 765 खिलाड़ी और 120 अधिकारी भाग ले रहे हैं। शिवपुरी में पहली बार इस राष्ट्रीय स्तर की अंडर-17 बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर विधायक देवेंद्र जैन, महेंद्र सिंह यादव, कलेक्टर अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
केलधार और सिंघराई माता मंदिर क्षेत्र में दी ₹67.71 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को अपने शिवपुरी प्रवास के दौरान कोलारस विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत महर्षि कपिल मुनि की तपोभूमि, कपिल मुनि आश्रम (केलधार) तथा सिंघराई माता मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में कुल ₹67.71 करोड़ की लागत के विभिन्न सड़क, आदिवासी बस्ती संपर्क मार्ग एवं अधोसंरचना विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं से कोलारस सहित शिवपुरी जिले के ग्रामीण अंचलों में बारहमासी आवागमन सुगम होगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि सड़कें केवल गांवों को आपस में नहीं जोड़तीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के नए अवसरों के द्वार खोलती हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश में ग्रामीण कनेक्टिविटी को निरंतर सशक्त किया जा रहा है। हमारा संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे और कोई भी गांव बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहे।
₹30.48 करोड़ की लागत से नवनिर्मित भड़ौता पुल का लोकार्पण
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने गुरुवार को कोलारस विधानसभा क्षेत्र को कुल ₹38.92 करोड़ की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने सिंध नदी पर ₹30.48 करोड़ की लागत से नवनिर्मित ‘भड़ौता पुल’ सहित प्रमुख सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर