Live VNS

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने मप्र के रेहटी में की विकास कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने मप्र के रेहटी में की विकास कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे: शिवराज सिंह

सीहोर, 22 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में रविवार देर शाम मप्र के सीहोर जिले के रेहटी नगर परिषद के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय मंत्री चौहान ने क्षेत्र में चल रहे एनएचएआई, रेलवे, सैनिक विद्यालय, ग्रामीण विकास, पंचायत, कृषि, उद्यानिकी तथा अन्य विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।

केंद्रीय मंत्री चौहान ने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में सीहोर कलेक्टर बालागुरू के. एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सर्जना यादव ने जिले में संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।

बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री ने छिपानेर, डोबी इरिगेशन परियोजना, सीप-अंबर परियोजना एवं नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (एनवीडीए) से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में किसानों को उनके मुआवजे का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही क्षेत्र में चल रहे सड़क, रेलवे एवं अन्य निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई।

केंद्रीय मंत्री चौहान ने स्ट्रीट वेंडर योजना, स्वयं सहायता समूह, मुद्रा योजना, पेंशन योजना एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए अभियान चलाकर पात्र हितग्राहियों की पहचान की जाए और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से विकास कार्यों को गति देने तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में क्षेत्रीय विधायक रमाकांत भार्गव, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा सहित विभिन्न विभागो के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…