मध्य प्रदेश में गन्ना उत्पादकों को मिल रहा सबसे ज्यादा 450 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- 600 रुपये क्विंटल की मांग पर अड़े किसान, नेशनल हाईवे 44 पर किया चक्काजाम, दो घंटे ठप रहा यातायात
भोपाल, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में गन्ने का उचित मूल्य दिलाने की मांग को लेकर गुरुवार को नरसिंहपुर में किसानों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। करीब 300 किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर चक्काजाम कर दिया। इसी बीच राज्य सरकार ने कहा है कि प्रदेश में गन्ना उत्पादकों को सबसे ज्यादा 450 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य मिल रहा है, लेकिन किसान इसे बढ़ाकर 600 रुपये करने की मांग कर रहे हैं।
गुरुवार दोपहर से शुरू हुआ गन्ना उत्पादक किसानों का प्रदर्शन करीब दो घंटे तक चला। इस दौरान नरसिंहपुर से सागर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। समझाने पहुंचे अधिकारियों के सामने किसान सड़क पर लेट गए और मांग पूरी होने तक रास्ता खोलने से इनकार कर दिया।
प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि वर्तमान में शुगर मिल संचालक 450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान कर रहे हैं, जो खेती की लागत और मेहनत के लिहाज से पर्याप्त नहीं है। आंदोलन में आठ किसान संगठनों के सदस्य शामिल हुए।
पुलिस से धक्कामुक्की, बल प्रयोग कर हटाए गए किसान
प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन आंदोलनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। कुछ किसान सड़क पर लेट गए। स्थिति बिगड़ने पर पांच थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर किसानों को सड़क से हटाया। इस दौरान जवानों और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। पुलिसकर्मियों ने किसानों को जबरन वाहनों में बैठाया और मौके से ले गए।
इसी बीच कुछ प्रदर्शनकारी करेली शुगर मिल बंद कराने के लिए आगे बढ़ने लगे। पुलिस ने टट्टा पुल के पास उन्हें रोक लिया। बाद में इन किसानों को बसों में बैठाकर थाने ले जाया गया। आंदोलन के मद्देनजर पुलिस, एसएएफ, आरपीएफ और जीआरपी के जवान तैनात रहे।
प्रदेश में गन्ना नीति और सरकारी मिल की मांग
किसान नेताओं ने कहा कि मध्यप्रदेश में गन्ना किसानों के लिए स्पष्ट नीति नहीं है। दूसरे राज्यों में किसानों को बोनस और बेहतर मूल्य मिल रहा है, जबकि यहां उचित मूल्य के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उनकी मांग है कि प्रदेश में गन्ने का समर्थन मूल्य निर्धारित किया जाए और किसानों को बोनस दिया जाए।
किसान ऋषिराज पटेल ने कहा कि मध्य प्रदेश के कुल गन्ना उत्पादन का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा नरसिंहपुर जिले में होता है। इसके बावजूद किसानों को उचित मूल्य और जरूरी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने जिले में सरकारी शुगर मिल स्थापित करने की मांग भी उठाई।
राष्ट्रीय किसान आर्मी के दीपक कौरव ने बताया कि कलेक्टर, प्रशासनिक अधिकारियों और मिल संचालकों के साथ तीन बार बैठक हो चुकी है, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। किसान नेता देवेंद्र पाठक ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं मौजूदा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश के कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना के साथ बैठक कराने की मांग की।
प्रशासन ने खुलवाया जाम, यातायात बहाल
रेल रोको आंदोलन की चेतावनी को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी के जवान भी तैनात किए गए थे। आरपीएफ के असिस्टेंट सिक्योरिटी कमिश्नर अशोक कुमार ने कहा कि रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश पर कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम महेंद्र पटेल ने बताया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारी किसानों को हाईवे से हटा दिया है। जाम खुलने के बाद यातायात सामान्य हो गया। वहीं एसडीओपी देवेंद्र प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि किसान संगठनों से बातचीत की जा रही थी।
इधर, राज्य सरकार ने गुरुवार को एक बयान जारी कर कहा कि प्रदेश के गन्ना किसानों के आर्थिक हितों की रक्षा करने, गन्ना उत्पादन को प्रोत्साहन तथा शक्कर उद्योग की निरंतरता बनाए रखने के लिए सर्वाधिक दर पर गन्ना क्रय किया जा रहा है। प्रदेश में अन्य गन्ना उत्पादक राज्य की तुलना में से ज्यादा फेयर एण्ड रिन्यूनेटेटिव दर गन्ना उत्पादक किसानों को मिल रही हे।
बयान में कहा गया कि भारत सरकार ने पेराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य ₹365 प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। वर्तमान में मध्य प्रदेश के निजी शक्कर कारखानों द्वारा गन्ना किसानों से गन्ना फसल क्रय करने 440 से 455 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किये गये है। यह दर वर्तमान में अन्य राज्यो के निजी क्षेत्र के शक्कर कारखानों की घोषित दरो में सबसे ज्यादा है। यह मूल्य किसानों के हित में एक बड़ा कदम है जो निर्धारित एफआरपी से अधिक है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो और गन्ना उत्पादन के प्रति उनका रुझान बना रहे, इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में गन्ना उत्पादक किसानों के हितों के प्रति संवेदनशील है।
राज्य सरकार ने कहा कि भारत सरकार ने गन्ने की खरीदी फेयर एण्ड रिन्यूनेरेटिव दर 365 रुपये प्रति क्विंटल रखी है। मध्य प्रदेश में किसानों को देश में सबसे ज्यादा 450 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना खरीदी रेट मिल रहा है। मध्य प्रदेश से ज्यादा गन्ना उत्पादन करने वाले राज्य उत्तर प्रदेश में 400 रुपये प्रति क्विंटल रेट मिल रहा है। उत्तरप्रदेश देश का सबसे बड़ा गन्ना उत्पादक राज्य है लेकिन वहां 400 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा है। दूसरे नम्बर पर महाराष्ट्र है जहां 320 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा है। तीसरे नम्बर पर कर्नाटक है जहां किसानों को 360 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा है। गुजरात में 341.10 रुपये प्रति क्विंटल, छतीसगढ़ में 425 रुपये प्रति क्विंटल, हरियाणा में 430 रुपये प्रति क्विंटल, बैतूल में (म.प्र) में 440 रुपये प्रति क्विंटल और नरसिंहपुर (म.प्र) में 450 रुपये प्रति क्विंटल दर से खरीदी भाव मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि म.प्र में 6.35 लाख मीट्रिक टन गन्ना होता है। सबसे ज्यादा नरसिंहपुर (3.70 लाख मीट्रिक टन) दूसरे नम्बर पर बैतूल (1.38 लाख मीट्रिक टन) तीसरे नम्बर पर छिन्दवाड़ा (36,917 मीट्रिक टन) चौथे नम्बर पर दतिया (22,039 मीट्रिक टन) और पांचवे नंबर पर जिला बुरहानपुर (14,743 मीट्रिक टन) है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर