Live VNS

मप्र: कार्तिक पूर्णिमा पर क्षिप्रा से नर्मदा तक उमड़ा आस्था का सैलाब, घाटों पर स्नान-दान और दीपदान की धूम

मप्र: कार्तिक पूर्णिमा पर क्षिप्रा से नर्मदा तक उमड़ा आस्था का सैलाब, घाटों पर स्नान-दान और दीपदान की धूम

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

उज्जैन, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को आस्था और श्रद्धा का अनूठा नजारा देखने को मिला। उज्जैन की क्षिप्रा से लेकर नर्मदापुरम के बांद्राभान तक सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रमुख नदियों और तीर्थस्थलों पर स्नान, पूजन और दान-पुण्य का सिलसिला जारी रहा। उज्जैन के रामघाट पर सुबह चार से आठ बजे के बीच एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने स्नान किया, वहीं नर्मदापुरम में नर्मदा और तवा नदी के संगम पर तड़के चार बजे से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे।

कार्तिक पूर्णिमा पर शाम को विभिन्न घाटों और जलाशयों पर दीपदान के आयोजन होंगे। उज्जैन के रामघाट और दत्त अखाड़ा घाट पर श्रद्धालु दीप जलाकर क्षिप्रा की आरती करेंगे, जबकि सागर की लाखा बंजारा झील में एक लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में धार्मिक परंपराओं, मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों के जरिए पर्व मनाया जा रहा है।

बांद्राभान में 200 साल पुराने मेले की रौनक, पांच दिन तक होंगे आयोजन

नर्मदापुरम में नर्मदा और तवा नदी के संगम स्थल बांद्राभान में कार्तिक पूर्णिमा पर हर साल लगने वाला प्रसिद्ध मेला शुरू हो गया है। इस बार मेले के 200 साल पूरे होने पर चार की जगह पांच दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार सुबह चार बजे से ही संगम पर स्नान का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह सात बजे तक करीब 20 हजार श्रद्धालु स्नान कर चुके थे। प्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे हैं।

मेले में आदिवासी समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में मोर की ढाल लेकर ढोल की थाप पर नाचते-गाते संगम स्थल पहुंचे। उनकी पारंपरिक प्रस्तुतियां मेले का आकर्षण बनी हुई हैं। श्रद्धालु संगम में स्नान के बाद रेत पर ही दाल-बाटी और चूरमा बनाते हैं। इसके बाद मां नर्मदा को भोग अर्पित कर पूजा-अर्चना करते हैं। मेले में भीड़ और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए प्रशासन ने 21 पार्किंग स्थल बनाए हैं। सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई है। तवा नदी में पानी कम होने से इस बार श्रद्धालुओं को संगम तक पहुंचने में अपेक्षाकृत आसानी हो रही है। धार्मिक मान्यता के अनुसार नर्मदा और तवा के संगम पर कार्तिक पूर्णिमा के दिन स्नान करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है।

उज्जैन में क्षिप्रा के घाटों पर उमड़ी भीड़, चार घंटे में एक लाख ने किया स्नान

धार्मिक नगरी उज्जैन में कार्तिक पूर्णिमा पर रामघाट, नरसिंह घाट और दत्त अखाड़ा घाट पर सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ रही। रामघाट पर सुबह चार से आठ बजे के बीच एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने क्षिप्रा में पुण्य स्नान किया। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद पूजन-अर्चन और दान-पुण्य किया। शाम को रामघाट और दत्त अखाड़ा घाट पर दीपदान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की है। घाटों पर बचाव दल, एसडीईआरएफ और होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं, ताकि स्नान के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।

मुलताई में ताप्ती सरोवर की परिक्रमा, जगह-जगह भंडारे

बैतूल जिले के मुलताई में कार्तिक पूर्णिमा पर ताप्ती सरोवर में स्नान और परिक्रमा के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सरोवर के परिक्रमा मार्ग पर सुबह से ही लोगों की आवाजाही बनी हुई है। श्रद्धालु परिक्रमा कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया गया है, जहां लोगों को प्रसादी वितरित की जा रही है।

पांढुर्णा में मंदिर शिखर पर जलाया त्रिपुर, निकली धार्मिक झांकी

पांढुर्णा में कार्तिक पूर्णिमा पर धार्मिक परंपराओं के साथ पर्व मनाया गया। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात प्राचीन विट्ठल-रुक्मिणी मंदिर के शिखर पर त्रिपुर जलाया गया। श्रद्धालुओं ने हाथों में दीप लेकर काकड़ आरती की। मंगलवार सुबह तिगांव में धार्मिक झांकी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

पिपरिया में शांडिल्य ऋषि की तपोभूमि पर स्नान के लिए पहुंचे श्रद्धालु

पिपरिया से करीब 22 किलोमीटर दूर शांडिल्य ऋषि की तपोभूमि स्थित नर्मदा घाटों पर भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ रही। शिवनी घाट, सीताराम घाट और बाजार घाट पर लोगों ने नर्मदा में स्नान कर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए राजस्व, पुलिस, पंचायत और होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं। घाटों पर गोताखोरों की टीम भी व्यवस्था संभाल रही है।

बालाघाट में वैनगंगा नदी के तट पर दीपदान

बालाघाट में वैनगंगा नदी के किनारे सुबह से ही महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं ने कार्तिक स्नान किया। इसके बाद सूर्यदेव को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की और नदी में दीपदान किया। नदी के घाटों पर पर्व को लेकर धार्मिक उत्साह नजर आया।

सागर में लाखा बंजारा झील में जलेंगे एक लाख दीप

कार्तिक पूर्णिमा पर सागर में भी विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। लाखा बंजारा झील में शाम को एक लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा बैतूल में माचना नदी का जन्मोत्सव मनाने के साथ दीपदान होगा। बरमान और ओंकारेश्वर सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी स्नान, पूजन और दीपदान के आयोजन किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…