मप्रः 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में हुए रोमांचक मुकाबले

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- उत्तराखंड, बिहार, आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, गुजरात, जम्मू-कश्मीर एवं नवोदय की टीमें रहीं विजयी
नरसिहंपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता 2026-27 (19 वर्ष बालक) के अंतर्गत जिले के विभिन्न खेल मैदानों पर रोमांचक क्रिकेट मुकाबलों का सिलसिला जारी है। प्रतियोगिता में देशभर से आई टीमों के खिलाड़ी शानदार खेल कौशल, बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन कर रहे हैं।
शुक्रवार को रूद्र मैदान, एनटीपीसी मैदान, काबरा मेमोरियल पब्लिक स्कूल मैदान, आमगांव छोटा, बोहानी स्टेडियम, चीचली एवं कौड़िया मैदान पर खेले गए मुकाबलों में केरल, तमिलनाडु, दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, बिहार, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, राजस्थान एवं नवोदय की टीमों ने जीत दर्ज की।
रूद्र मैदान पर केरल और तमिलनाडु की रोमांचक जीत
रूद्र मैदान गाडरवारा में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में केरल ने उत्तर प्रदेश को 2 विकेट से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तर प्रदेश की टीम 83 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में केरल ने 14.2 ओवर में 8 विकेट खोकर 84 रन बनाते हुए जीत हासिल की। केरल के अनद वत्स ने 3 ओवर में 10 रन देकर 2 विकेट लिए तथा बल्लेबाजी में 13 गेंदों पर 20 रन बनाए। उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के दौरान अतिथि सुरेन्द्र जी गुर्जर उपस्थित रहे। अंपायर प्रदीप पटेल एवं पुष्पराज सोलंकी, स्कोरर निशा मिश्रा एवं मयंक श्रीवास तथा कमेंटेटर बृजेश सोनी एवं राजेश त्रिपाठी रहे।
इसी मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में तमिलनाडु ने मध्यप्रदेश को 2 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मध्य प्रदेश ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 137 रन बनाए। जवाब में तमिलनाडु ने 19.2 ओवर में 8 विकेट खोकर 138 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल किया। तमिलनाडु के भरत ने 26 गेंदों में नाबाद 38 रन तथा अनद ने 13 गेंदों में 20 रन बनाए। भरत को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के शुभारंभ अवसर पर शिरोमणि चौधरी, कमल ठाकुर एवं अन्नपूर्णा क्लब के सदस्यों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर प्रियांक जैन भी उपस्थित रहे। अंपायर स्वप्निल शर्मा एवं इलयाश खान, स्कोरर निशा मिश्रा एवं मयंक श्रीवास तथा कमेंटेटर बृजेश सोनी एवं राजेश त्रिपाठी रहे।
एनटीपीसी मैदान पर दिल्ली और महाराष्ट्र ने दर्ज की जीत
एनटीपीसी मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में दिल्ली ने डीएनएचडीडी को 7 विकेट से पराजित किया। डीएनएचडीडी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 100 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने 9.5 ओवर में 3 विकेट खोकर 102 रन बनाते हुए आसान जीत दर्ज की। अभिषेक सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के दौरान एसडीएम प्रगति वर्मा, जी. अनुज जैन सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। अंपायर शिव कुमार पटेल एवं मनोज शुक्ला, स्कोरर सौरव लहरिया एवं अंकिता मंडलोई तथा कमेंटेटर सुनील सोनी एवं बलराम सिंह प्रजापति रहे।
इसी मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में महाराष्ट्र ने छत्तीसगढ़ को 3 विकेट से हराया। छत्तीसगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में महाराष्ट्र ने 17.4 ओवर में 7 विकेट खोकर 193 रन बनाकर जीत हासिल की। महाराष्ट्र के वेदांत ने 3 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट लिए और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के दौरान अनुज प्रताप सिंह एवं उनकी टीम उपस्थित रही। अंपायर शिवकुमार पटेल एवं मनोज शुक्ला, स्कोरर सौरव लहरिया एवं अंकिता मंडलोई तथा कमेंटेटर सुनील सोनी एवं बलराम सिंह प्रजापति रहे।
काबरा मेमोरियल मैदान पर गुजरात की शानदार जीत
काबरा मेमोरियल पब्लिक स्कूल गाडरवारा मैदान पर खेले गए मुकाबले में गुजरात ने आईबीएसओ को 3 विकेट से पराजित किया। आईबीएसओ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 191 रन बनाए। जवाब में गुजरात ने 17 ओवर में 3 विकेट खोकर 192 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। गुजरात के हेत रोकड को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के दौरान वैभव जैन एवं एडवोकेट धीरेन्द्र कौरव अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अंपायर आशीष दीक्षित एवं हेमंत सेंडे, स्कोरर अश्विन उइके तथा कमेंटेटर अंकित कौरव रहे।
आमगांव छोटा मैदान पर पंजाब और जम्मू-कश्मीर ने मारी बाजी
आमगांव छोटा मैदान पर खेले गए मुकाबले में पंजाब ने पांडेचेरी को 40 रन से हराया। टॉस जीत कर पांडुचेरी ने पहले गेंदबाजी की। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 133 रन बनाए। जवाब में पांडेचेरी की टीम 9 विकेट खोकर 93 रन ही बना सकी। पंजाब के रनवीर सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के दौरान मंडल अध्यक्ष राजेश पटेल, अरुण कुमार द्विवेदी, अनुज स्थापक, महेंद्र वर्मा एवं कमलेश वर्मा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अंपायर पंकज नेमा एवं सचिन पटेल, स्कोरर वैशाली बिजोरिया एवं अजय पटेल तथा कमेंटेटर अमित शर्मा एवं आदित्य द्विवेदी रहे।
इसी मैदान पर खेले गए मुकाबला क्रमांक 06 में जम्मू-कश्मीर ने पश्चिम बंगाल को 12 रन से पराजित किया। जम्मू-कश्मीर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 156 रन बनाए। जवाब में पश्चिम बंगाल की टीम 144 रन पर ऑलआउट हो गई। जम्मू-कश्मीर के कासिव ने 4 ओवर में 4 विकेट लेकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के दौरान राव अनुज प्रताप सिंह, चंद्रकांत शर्मा, रामनारायण बड़कुर, पार्षद गाडरवारा आनंद दुबे श्री राजेश पटेल, राहुल पटेल, पराग तिवारी, सचिन अग्रवाल, राजेश माहेश्वरी, आत्माराम कौरव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अंपायर असलम खान एवं सचिन पटेल, स्कोरर वैशाली बिजोरिया एवं अजय पटेल तथा कमेंटेटर अमित शर्मा एवं आदित्य द्विवेदी रहे।
बोहानी स्टेडियम में दिवाकर का शतक, बिहार ने 74 रन से जीता मुकाबला
बोहानी स्टेडियम गाडरवारा में ग्रुप-डी के 24वें मुकाबले में बिहार ने तेलंगाना को 74 रन से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 239 रन का विशाल स्कोर बनाया। बिहार के दिवाकर ने मात्र 60 गेंदों में नाबाद 130 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि उत्कर्ष आनंद ने 16 गेंदों पर 30 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी तेलंगाना की टीम 20 ओवर में 165 रन पर ऑलआउट हो गई। तेलंगाना की ओर से श्रीराम ने 38, अफान ने 33 एवं अभिराम ने 26 रन बनाए। बिहार के दिवाकर ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 16 रन देकर 5 विकेट झटके। ऋषभ पांडे ने 2 विकेट हासिल किए। शानदार शतक और पांच विकेट के प्रदर्शन के लिए दिवाकर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच के दौरान सरपंच किरण शर्मा, मनोज शर्मा, तुलसीराम मदारिया एवं सुनील कुमार अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अंपायर शेखर पाठक एवं देवेंद्र रजक तथा स्कोरर शिवम कटारे रहे।
इसी मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में उत्तराखंड ने गोवा को 6 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गोवा की टीम 15 ओवर में 62 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। गोवा की ओर से ध्रुव कामत ने 11, रिशाल स्वामी ने 8 तथा श्रीशल घाटे ने 6 रन बनाए। उत्तराखंड की ओर से दीपप्रात नाइक ने 4, कार्तिक वाडार ने 2 तथा श्रीशाल घाले ने 1 विकेट लिया। जवाब में उत्तराखंड ने 4 विकेट खोकर 63 रन बनाते हुए जीत दर्ज की। उत्तराखंड की ओर से नमन ने 17, अर्श ने 14 तथा उत्कर्ष ने 7 रन बनाए। गोवा की ओर से आशीष ने 5 विकेट तथा राघव और अंशुमान नेगी ने 1-1 विकेट लिया। मैच में अंपायर मुकेश पटेल एवं देवेंद्र रजक रहे।
चीचली मैदान पर आंध्र प्रदेश और चंडीगढ़ की बड़ी जीत
चीचली मैदान पर खेले गए मुकाबले में आंध्र प्रदेश ने आईपीएससी को 55 रन से पराजित किया। आंध्र प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 207 रन बनाए। जवाब में आईपीएससी की टीम 20 ओवर में 152 रन ही बना सकी। आंध्र प्रदेश के प्रणव ने 64 रन की शानदार पारी खेली और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इसी मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में चंडीगढ़ ने उड़ीसा को 75 रन से हराया। चंडीगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 193 रन बनाए। जवाब में उड़ीसा की टीम 15.4 ओवर में 118 रन पर ऑलआउट हो गई। चंडीगढ़ के यश कश्यप ने नाबाद 66 रन बनाने के साथ क्षेत्ररक्षण में 2 कैच भी लपके। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। अंपायर स्नेहल तिवारी एवं पवन कोल, कमेंटेटर नित्या बोहरे एवं विनीत नामदेव तथा स्कोरर शुभम कटारे रहे।
कौड़िया मैदान पर राजस्थान और नवोदय ने हासिल की जीत
कौड़िया मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में राजस्थान ने सीआईएससीई को 6 विकेट से पराजित किया। टॉस जीतकर सीआईएससीई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.4 ओवर में 111 रन बनाए। जवाब में राजस्थान ने 14.5 ओवर में 4 विकेट खोकर 112 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल किया। राजस्थान के उस्मिक ग्रोवर ने 40 रन बनाने के साथ 2 विकेट भी लिए। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इसी मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में नवोदय ने सीबीएसई को 8 रन से पराजित किया। नवोदय की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.4 ओवर में 95 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में सीबीएसई की टीम 88 रन ही बना सकी। नवोदय के नितेश देवकर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 27 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। अंपायर विराट सिंह बघेल एवं सूरज ग्वाला, कमेंटेटर निलेश कौरव एवं आशुतोष दुबे तथा स्कोरर ज्योति धानक एवं आदित्य तिवारी रहे।
प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना एवं प्रतिस्पर्धात्मक प्रदर्शन किया। आयोजन में अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, आयोजन समिति के अधिकारियों कर्मचारियों सहित अंपायरों, स्कोररों एवं कमेंटेटरों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए प्रतियोगिता के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर