केन्द्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने किए बाबा महाकाल के दर्शन, संध्या आरती में लिया हिस्सा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- बाबा महाकाल के दर्शन कर भावुक हुए पुरी, बोले- आज मुझे बुलावा आ गया, यह मेरा सौभाग्य
उज्जैन, 22 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी रविवार शाम को मध्य प्रदेश के उज्जैन प्रवास के दौरान विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। महाकाल मंदिर प्रबंध समिति की ओर से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का स्वागत किया गया।
केन्द्रीय मंत्री पुरी रविवार शाम करीब 7 बजे महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और सपरिवार संध्या आरती में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने नंदी मंडपम में बैठकर भगवान महाकालेश्वर की आराधना की। इस दौरान वे बाबा की भक्ति में लीन नजर आए। उन्होंने बाबा महाकाल से देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
दर्शन के बाद केंद्रीय मंत्री भावुक नजर आए। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि काफी समय से बाबा महाकाल के दर्शन करने की इच्छा थी। आज उन्हें बुलावा आया और दर्शन का अवसर मिला, यह उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि आज मुझे बुलावा आ गया। मैं बहुत इमोशनल हूं। मेरा सौभाग्य है कि आज दर्शन का मौका मिला।
पुरी ने मध्य प्रदेश से अपने नए रिश्ते का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश से उनका एक नया संबंध जुड़ गया है, जिसके चलते उनका यहां आना-जाना बना रहेगा। उन्होंने बताया कि वे पिछले महीने की 30 तारीख को भी मध्य प्रदेश आए थे और अब 26 तारीख को फिर प्रदेश आने वाले हैं। हालांकि, रविवार का उज्जैन दौरा विशेष रूप से बाबा महाकाल के दर्शन के लिए था।
परिवार का मां लक्ष्मी से भी पुराना संबंध
केंद्रीय मंत्री ने अपने परिवार के धार्मिक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए बताया कि मां लक्ष्मी से उनके परिवार का पुराना संबंध रहा है। परिवार के सदस्य पहले भी यहां दर्शन के लिए आ चुके हैं। बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचकर उन्हें विशेष आध्यात्मिक अनुभूति हुई।
पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से भी मिले
इससे पहले केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी इंदौर पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी धर्मपत्नी के साथ वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से उनके आवास पर मुलाकात की।
केन्द्रीय मंत्री पुरी ने सोशल मीडिया एक्स पर उक्त जानकारी साझा करते हुए कहा कि पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से मिलकर बहुत खुशी हुई। सार्वजनिक जीवन में उनका दशकों लंबा सफर वाकई प्रेरणादायक है। जनसेवा के प्रति उनका अटूट समर्पण और महिला सशक्तिकरण की दिशा में उनके निरंतर प्रयास एक गहरी छाप छोड़ते हैं। संसद में लगातार आठ बार इंदौर का प्रतिनिधित्व करने के साथ-साथ सुमित्रा ने 16वीं लोकसभा की अध्यक्ष के रूप में भी इतिहास रचा है। उनकी कई उपलब्धियों के अलावा, उनका स्नेहपूर्ण व्यवहार, सादगी और लोगों के साथ उनका गहरा जुड़ाव उन्हें सचमुच खास बनाता है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर