Live VNS

मप्र के उज्जैन में हुआ हरि-हर मिलन, चांदी की पालकी में गोपाल मंदिर पहुंचे महाकाल

मप्र के उज्जैन में हुआ हरि-हर मिलन, चांदी की पालकी में गोपाल मंदिर पहुंचे महाकाल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- तुलसी-बिल्वपत्र की मालाओं से हुआ सृष्टि की सत्ता का हस्तांतरण, हजारों श्रद्धालु बने इस अद्भुत संगम के साक्षी

उज्जैन, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में वैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर रविवार की आधी रात को शैव और वैष्णव परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान महाकाल चांदी की पालकी में सवार होकर शाही ठाठ-बाट के साथ गोपाल मंदिर पहुंचे। यहां भगवान द्वारकाधीश और बाबा महाकाल का हरि-हर मिलन हुआ। इस दौरान हजारों श्रद्धालु इस अद्भुत मिलन के साक्षी बने।

धर्मनगरी उज्जैन में रविवार की रात वैकुंठ चतुर्दशी पर हरि और हर के मिलन की अनूठी परंपरा निभाई गई। महाकाल मंदिर से रविवार रात 11 बजे निकली सवारी महाकाल चौराहा, गुदरी बाजार और पटनी बाजार होते हुए गोपाल मंदिर पहुंची। पूरे सवारी मार्ग पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। भगवान के आगमन से पहले ही लोग सड़कों पर फूल बिछाकर इंतजार करते नजर आए। आतिशबाजी पर प्रतिबंध के बावजूद कई स्थानों पर जमकर पटाखे चलाए गए। प्रशासन ने हिंगोट वाले पटाखों पर रोक लगाई थी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे मार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

बाबा महाकाल की सवारी रात 12 बजे गोपाल मंदिर पहुंची। यहां भगवान द्वारकाधीश और बाबा महाकाल का हरि-हर मिलन हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों देवताओं का विशेष पूजन-अभिषेक किया गया। परंपरा के अनुसार, भगवान महाकाल ने बिल्वपत्र की माला भगवान विष्णु को अर्पित की, जबकि भगवान द्वारकाधीश ने तुलसी की माला महाकाल को पहनाई। इसी के साथ चार महीने तक भगवान शिव के पास रही सृष्टि के संचालन की जिम्मेदारी पुनः भगवान विष्णु को सौंपने का प्रतीकात्मक विधान पूरा हुआ।

तुलसी और बिल्वपत्र की माला से हुआ सत्ता का हस्तांतरण

गोपाल मंदिर में भगवान महाकाल और भगवान द्वारकाधीश का दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान विष्णु की प्रिय तुलसी की माला महाकाल को और भगवान शिव की प्रिय बिल्वपत्र की माला भगवान द्वारकाधीश को अर्पित की गई। दोनों देवताओं को विशेष भोग भी लगाया गया। धार्मिक मान्यता में मालाओं का यह आदान-प्रदान सृष्टि के संचालन की जिम्मेदारी एक-दूसरे को सौंपने का प्रतीक माना जाता है।

चार महीने तक महाकाल संभालते हैं सृष्टि का भार

पौराणिक मान्यता के अनुसार, देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद चार महीने तक सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान शिव संभालते हैं। देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के बाद कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी की रात भगवान महाकाल गोपाल मंदिर पहुंचकर उन्हें सृष्टि के संचालन का दायित्व सौंपते हैं। इसी परंपरा को हरिहर मिलन कहा जाता है। उज्जैन में वर्ष में एक बार होने वाले इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

गोपाल मंदिर के पुजारी मधुर शर्मा ने बताया कि हरिहर मिलन उज्जैन की वर्षों पुरानी अद्भुत परंपरा है। इसे शहर के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल किया जाता है। भगवान महाकाल चांदी की पालकी में विराजमान होकर भगवान द्वारकाधीश के आंगन पहुंचे। भगवान श्रीहरि ने उनका आत्मीय स्वागत किया और अपनी तुलसी की माला महाकाल को पहनाई। वहीं महाकाल ने बिल्वपत्र की माला भगवान विष्णु को अर्पित की।

हरिहर मिलन का यह दृश्य देखने के लिए श्रद्धालु पूरे वर्ष इंतजार करते हैं। इस आयोजन में भगवान शिव और भगवान विष्णु के एकाकार स्वरूप के दर्शन होते हैं। उज्जैन की यह परंपरा धार्मिक आस्था के साथ शैव और वैष्णव संप्रदायों की एकता और समरसता का संदेश भी देती है।

सौ साल से अधिक पुरानी परंपरा

महाकाल मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा के अनुसार, गोपाल मंदिर में हरि-हर मिलन की परंपरा सौ साल से अधिक पुरानी है। सिंधिया रियासत के समय से इसका निर्वहन किया जा रहा है। इसके पीछे शैव और वैष्णव संप्रदायों के बीच आपसी सद्भाव और समन्वय स्थापित करने का भाव रहा है। आज भी वैकुंठ चतुर्दशी पर दोनों देवताओं का मिलन इसी परंपरा और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…