उज्जैन में खड़े हनुमान मंदिर को हटाने की कवायद, 87 दिन बाद फिर हुई स्कैनिंग

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- दोनों रास्तों पर बैरिकेडिंग कर जांच, पार्षद ने सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदलने का लगाया आरोप
उज्जैन, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के लिए चल रही तैयारियों के बीच सड़क चौड़ीकरण की जद में आए प्राचीन खड़े हनुमान मंदिर में विराजित प्राचीन प्रतिमा को लेकर प्रशासन की कवायद एक बार फिर तेज हो गई है। मंदिर का मुख्य ढांचा हटाए जाने के 87 दिन बाद रविवार को प्रशासनिक टीम विशेष इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ मंदिर पहुंची।
टीम ने प्रतिमा के आसपास रखी सामग्री हटवाकर करीब 30 से 45 मिनट तक स्कैनिंग की। इस दौरान मंदिर तक पहुंचने वाले दोनों रास्तों पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी गई। जांच के लिए मंदिर के पुजारी को भी बुलाया गया था।
स्कैनिंग पूरी होने के बाद टीम के सदस्यों ने प्रतिमा के सामने झुककर प्रणाम किया और वहां से रवाना हो गए। दूसरी ओर, मंदिर से जुड़े भाजपा पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने जांच की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि टीम ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदल दी, जिससे कार्रवाई की रिकॉर्डिंग नहीं हो सके।
तिवारी का कहना है कि 29 सितंबर को भी एक टीम मंदिर पहुंची थी, लेकिन उस जांच के नतीजे अब तक सार्वजनिक नहीं किए गए। रविवार को हुई स्कैनिंग के बाद भी प्रशासन ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि जांच में क्या सामने आया और प्रतिमा को लेकर आगे क्या निर्णय लिया जाएगा।
30 अगस्त से शुरू हुई थी कार्रवाई
गौरतलब है कि खड़े हनुमान मंदिर को हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई 30 अगस्त 2026 को शुरू करने की कोशिश की गई थी। श्रद्धालुओं और हिंदू संगठनों के विरोध के चलते उस दिन कार्रवाई रोकनी पड़ी। इसके बाद एक सितंबर को प्रशासनिक अमला दोबारा पहुंचा। करीब 16 घंटे की कार्रवाई के बाद मंदिर का शिखर और ऊपरी हिस्सा हटाया गया। इसके बाद 4 सितंबर को मंदिर का मुख्य ढांचा भी हटा दिया गया।
प्रशासन की योजना करीब आठ फीट ऊंची प्राचीन प्रतिमा को टंकी चौक के पास तैयार किए गए नए मंदिर में स्थापित करने की थी। हालांकि, प्रतिमा को हटाने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
डेढ़ फीट खुदाई में भी नहीं मिला आधार
5 से 7 सितंबर के बीच प्रतिमा के आसपास करीब डेढ़ फीट तक खुदाई की गई, लेकिन उसका आधार नहीं मिला। प्रतिमा अपनी जगह से नहीं हिली। इसके बाद 8 सितंबर को उसकी स्थिति का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक जांच कराने का फैसला लिया गया। 9 सितंबर को प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि आम सहमति और प्रतिमा की सुरक्षा सुनिश्चित किए बिना आगे की कार्रवाई नहीं की जाएगी।
15 सितंबर को आईआईटी इंदौर की टीम ने ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार (जीपीआर) तकनीक से प्रतिमा के नीचे की संरचना की जांच की थी। इसके बाद 29 सितंबर को भी एक टीम ने मंदिर पहुंचकर परीक्षण किया। हालांकि, दोनों जांचों के निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किए गए। अब 22 नवंबर को एक बार फिर विशेष उपकरणों से स्कैनिंग की गई है।
पार्षद बोले- प्रतिमा हटाने की तैयारी हो रही
भाजपा पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने रविवार की कार्रवाई पर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन अलग-अलग तकनीकों से जांच कराने के नाम पर प्रतिमा को हटाने की जमीन तैयार कर रहा है। उनके अनुसार, पहले भोपाल से आई टीम ने भी जांच की थी, लेकिन उसकी रिपोर्ट सामने नहीं आई।
तिवारी ने कहा कि सुबह करीब पौने छह बजे टीम मंदिर पहुंची और पुजारी की मौजूदगी में प्रतिमा के चारों ओर उपकरणों से जांच की गई। पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद कर दिए गए थे। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदले जाने पर भी सवाल उठाए।
उनका दावा है कि मंदिर की वजह से यातायात प्रभावित नहीं हो रहा है और न ही किसी संत या अखाड़े ने प्रतिमा को हटाने की मांग की है। हिंदू समाज पहले ही प्रतिमा को उसके मूल स्थान पर बनाए रखने की मांग कर चुका है। ऐसे में प्रशासन की कार्रवाई को लेकर लोगों में सवाल उठ रहे हैं।
टेंट के नीचे सुरक्षित रखी गई प्रतिमा
मंदिर का ढांचा हटाए जाने के बाद से प्राचीन प्रतिमा को उसी स्थान पर सुरक्षित रखा गया है। बारिश और धूप से बचाने के लिए उसके ऊपर कैनोपी लगाई गई है। श्रद्धालु लगातार मांग कर रहे हैं कि हनुमानजी की प्रतिमा को मूल स्थान से नहीं हटाया जाए। फिलहाल रविवार को हुई स्कैनिंग के नतीजों और प्रशासन के अगले कदम का इंतजार है। प्रतिमा को लेकर अब तक हुई जांचों की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं होने से भी मामला चर्चा में बना हुआ है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर