Live VNS

मप्र के उज्जैन में बगड़िया टावर में लगी भीषण आग, रेस्क्यू टीम ने 50 लोगों की बचाई जान

मप्र के उज्जैन में बगड़िया टावर में लगी भीषण आग, रेस्क्यू टीम ने 50 लोगों की बचाई जान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

उज्जैन, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में पुरानी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बगड़िया टावर में बुधवार शाम भीषण आग लग गई। बिल्डिंग के नीचे संचालित एमपी मेडिकल स्टोर से उठी लपटों और धुएं ने देखते ही देखते ऊपरी मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया। धुआं फ्लैटों में भरने से कई लोग अंदर फंस गए। पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और नगर निगम की टीम ने अभियान चलाकर करीब 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 4 बजे बगड़िया टावर स्थित मेडिकल स्टोर में लगी थी। दुकान का शटर बंद होने के कारण धुआं वेंटिलेशन चैंबर से होता हुआ ऊपर के फ्लैटों तक पहुंच गया। स्थिति बिगड़ने पर दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 15 लोग धुएं के बीच बिल्डिंग में फंस गए थे। उन्हें निकालने के लिए क्रेन और सीढ़ियों की मदद ली गई।

आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी मदद के लिए आगे आए। करीब 40 मुस्लिम युवकों ने लोगों को बाहर निकालने और आग बुझाने में बचाव दल का साथ दिया। कुछ युवकों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, वहीं आग फैलने से रोकने के लिए चार दुकानों के शटर तोड़कर अंदर पानी डाला गया। पेंटर्स ने भी अपने काम आने वाले झूलों और सीढ़ियों की मदद से ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को निकालने में सहयोग किया।

कैंसर पीड़ित महिला और बेटी को बचाया, फायरमैन बेहोश

रेस्क्यू के दौरान नगर निगम के फायरमैन अभिषेक तिवारी ने कैंसर पीड़ित महिला और उनकी बेटी को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद दो अन्य महिलाओं के फंसे होने की सूचना पर टीम फिर बिल्डिंग के अंदर पहुंची। इस दौरान घना धुआं होने से अभिषेक का दम घुटने लगा और वे बेहोश होकर गिर पड़े। टीम के अन्य सदस्यों ने उन्हें बाहर निकाला।

ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

दमकल और बचाव दल ने करीब ढाई घंटे तक अभियान चलाया। इस दौरान कुल 50 लोगों को बिल्डिंग से सुरक्षित निकाला गया। धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी होने पर कुछ लोगों को अस्पताल भेजा गया। रेस्क्यू किए गए लोगों में तीन साल का बच्चा और कैंसर से पीड़ित बुजुर्ग महिला भी शामिल थीं।

बचाव कार्य में जुटे मोहम्मद शाहिद ने बताया कि काम के दौरान पत्नी का फोन आया। उन्होंने पास की बिल्डिंग की बालकनी में लोगों के फंसे होने और आग लगने की जानकारी दी। इसके बाद शाहिद अपने मालिक और दो-तीन अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे।

शाहिद के मुताबिक, शुरुआत में आग छोटी थी। उन्होंने घर से बाल्टियों में पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक लपटें तेजी से फैलने लगी थीं। उन्होंने बताया कि ऊपर से तीन-चार लोगों को निकालने के साथ चार दुकानों के शटर तोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया गया।

सांसद ने बचाव दल के सदस्यों को इनाम देने की घोषणा की

घटनास्थल पर पहुंचे सांसद अनिल फिरोजिया ने बचाव कार्य में शामिल युवाओं और अन्य लोगों के साहस की सराहना की। उन्होंने घोषणा की कि आग के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों को बचाने वालों को वे व्यक्तिगत रूप से 11-11 हजार रुपये का पुरस्कार देंगे।

घटना में कोई हताहत नहीं, सभी का सुरक्षित रेस्क्यू

पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि आग चार मंजिल इमारत के निचले हिस्से में संचालित एमपी मेडिकल स्टोर से शुरू हुई. दुकान का शटर बंद होने के कारण धुंआ वेंटिलेशन चेंबर के रास्ते ऊपर मंजिलों तक पहुंच गया, जिसकी वजह से कुछ ही देर में पूरी इमारत धुएं से भर गई और बिल्डिंग में लोग फंस गए। धुंआ देख क्षेत्रीय लोगों ने काम कर रहे पेंटर टीम ने सीढ़ियों से खिड़कियों को तोड़ लोगों को बाहर किया। नगर निगम, पुलिस टीम, क्षेत्रीय रहवासियों ने मिलकर सभी परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है. कोई हताहत नहीं हुआ है।

उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने कहा कि नगर निगम, एसडीईआरएफ क्षेत्रीय पुलिस व खास कर स्थानीय लोगों का योगदान रहा। आग लगने के कारण और जिसकी भी लापरवाही है जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…