रिंग रोड पर डीजे लदे तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मॉर्निंग वॉक पर निकले एमआर की मौत, हादसे के बाद पलटा वाहन

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के लोढ़ान स्थित फंटेसिया वाटर पार्क के सामने रिंग रोड पर तेज रफ्तार डीजे वाहन की चपेट में आने से मॉर्निंग वॉक पर निकले मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव जसवंत सिंह (57) की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनियंत्रित होकर वाहन सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
दादूपुर निवासी जसवंत सिंह शनिवार सुबह करीब छह बजे रोज की तरह टहलने निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे डीजे लदे वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद वाहन भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल जसवंत सिंह को तत्काल पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जसवंत सिंह की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। परिवार में पत्नी कुमकुम सिंह और पुत्र दिव्यांशु उर्फ जैकी हैं। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।