धान के साथ दलहन, तिलहन और लघु धान्य फसलों की खेती अपनाएं किसान, समर्थन मूल्य पर होगी खरीद
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
बलरामपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। किसानों की आय बढ़ाने और खेती में फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़ शासन दलहन, तिलहन और लघु धान्य फसलों की खरीद भी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कर रहा है। आज शुक्रवार को कृषि विभाग ने किसानों से धान के साथ इन फसलों की खेती अपनाने की अपील की है, ताकि उन्हें उपज का उचित मूल्य मिलने के साथ खेती की लागत और मिट्टी की उर्वरता में भी सुधार हो सके।
भारत सरकार की पीएम-आशा योजना के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2026 में दलहन और तिलहन फसलों का समर्थन मूल्य पर उपार्जन किया जाएगा। इसके तहत अरहर 8,450 रुपये, सोयाबीन 5,708 रुपये, उड़द 8,200 रुपये, मूंग 8,780 रुपये और मूंगफली 7,517 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी जाएगी।
इसी तरह प्रदेश में पारंपरिक लघु धान्य फसलों कोदो, कुटकी और रागी की सरकारी खरीदी को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इनके लिए कोदो का समर्थन मूल्य 3,200 रुपये, कुटकी का 3,550 रुपये और रागी का 5,205 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। वहीं, रबी विपणन वर्ष 2026-27 में चना 5,875 रुपये, मसूर 7,000 रुपये और सरसों 6,200 रुपये प्रति क्विंटल की दर से उपार्जित करने का प्रावधान है।
कृषि विभाग के अनुसार, धान के साथ दलहन, तिलहन और लघु धान्य फसलों की खेती करने से किसानों को आय के अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। फसल विविधीकरण से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। विभाग ने किसानों से मौसम और भूमि की अनुकूलता के अनुसार इन फसलों को अपनाने की अपील की है।
फसलों के पंजीयन, खरीद और समर्थन मूल्य से संबंधित जानकारी के लिए किसान अपने निकटतम कृषि विभाग कार्यालय, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या प्राथमिक सहकारी समिति से संपर्क कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय