Live VNS

मैथिली को प्राथमिक शिक्षा से जोड़ने की घोषणा का मुकुंद चौधरी ने किया स्वागत

मैथिली को प्राथमिक शिक्षा से जोड़ने की घोषणा का मुकुंद चौधरी ने किया स्वागत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

दरभंगा, 25 नवंबर (हि.स.)।

विद्यापति सेवा संस्थान के मिथिला विभूति पर्व समारोह के समापन अवसर पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी द्वारा मिथिला की भाषा, संस्कृति एवं शिक्षा के विकास को लेकर की गई घोषणाओं का जिला मीडिया प्रभारी मुकुंद चौधरी ने स्वागत किया है। उन्होंने शिक्षा मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैथिली को प्राथमिक शिक्षा से जोड़ने के लिए एक सप्ताह के भीतर अधिसूचना जारी करने की घोषणा ऐतिहासिक पहल है।

उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में मैथिली शिक्षकों की नियुक्ति, मैथिली पाठ्यपुस्तकों का प्रकाशन तथा दरभंगा में नर्सरी से शोध स्तर तक संस्कृत की पढ़ाई के लिए गुरुकुल विद्यापीठ की स्थापना की घोषणा शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर पैदा करेगी। वहीं, कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने की पहल भी सराहनीय है।

मुकुंद चौधरी ने कहा कि मैथिली मिथिला की सभ्यता, संस्कृति और आत्मसम्मान की पहचान है, जबकि संस्कृत प्राचीन ज्ञान परंपरा की आधारशिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इन घोषणाओं को शीघ्र धरातल पर उतारकर मिथिला के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक विकास को नई गति देगी। साथ ही उन्होंने सफल आयोजन के लिए विद्यापति सेवा संस्थान को साधुवाद दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…