Live VNS

नगर निगम कार्यालय में अव्यवस्था पर नगर आयुक्त नाराज, अनुपयोगी सामान हटाने के निर्देश, कार्यालय की गैलरी में बिखरे मिले महत्वपूर्ण अभिलेख

नगर निगम कार्यालय में अव्यवस्था पर नगर आयुक्त नाराज, अनुपयोगी सामान हटाने के निर्देश, कार्यालय की गैलरी में बिखरे मिले महत्वपूर्ण अभिलेख

BK Pathak ·

वाराणसी। नगर निगम कार्यालय को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए नवागत नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को उन्होंने नगर निगम कार्यालय के विभिन्न कक्षों और पूरे परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जगह-जगह फैली गंदगी, अनुपयोगी सामान और महत्वपूर्ण अभिलेखों के अव्यवस्थित रखरखाव को देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कार्यालय की गैलरी में रखे डस्टबिन की समुचित सफाई नहीं मिली। वहीं, महत्वपूर्ण अभिलेखों और दस्तावेजों के बंडल भी बेतरतीब तरीके से रखे हुए पाए गए। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि सभी अभिलेखों और दस्तावेजों को निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखा जाए, जिससे जरूरत पड़ने पर उन्हें आसानी से प्राप्त किया जा सके।

नगर आयुक्त ने कार्यालय के बरामदों में रखे टूटे-फूटे और अनुपयोगी टेबल, कुर्सी तथा अलमारियों को तत्काल हटाने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यालय के सभी कमरों और गैलरी में लगे जालों की सफाई कराने तथा डस्टबिन को नियमित रूप से साफ रखने को कहा। उन्होंने पूरे कार्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई का उच्च स्तर बनाए रखने पर जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक कर्मचारी अपने कार्यालय कक्ष की साफ-सफाई और अभिलेखों के सुरक्षित रखरखाव की व्यक्तिगत जिम्मेदारी निभाए। नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम का कार्यालय शहर में स्वच्छता और सुव्यवस्था की मिसाल होना चाहिए। जब नगर निगम स्वयं अपने परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित नहीं रखेगा तो शहर में स्वच्छता का संदेश देना भी उचित नहीं होगा।

उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यालय की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्देशों का पालन नहीं करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…