Live VNS

देव दीपावली पर घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर नगर निगम अलर्ट, लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर होगी कार्रवाई

देव दीपावली पर घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर नगर निगम अलर्ट, लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर होगी कार्रवाई

BK Pathak ·

नगर आयुक्त ने राजस्व और कर निरीक्षकों को सौंपी जिम्मेदारी, 23 और 24 नवंबर को शाम पांच से रात 12 बजे तक करेंगे निरीक्षण

प्रकाश व्यवस्था, सफाई, सार्वजनिक शौचालयों और पेयजल की उपलब्धता का होगा सत्यापन, खराब स्ट्रीट लाइट, सिल्ट और गंदगी मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

वाराणसी। देव दीपावली पर काशी के गंगा घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। शहर के सभी 88 घाटों पर नगर निगम और जलकल विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारि ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ड्यूटी में शिथिलता मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त की ओर से जारी आदेश के अनुसार, नामित राजस्व निरीक्षक और कर निरीक्षक 23 और 24 नवंबर को शाम पांच बजे से रात 12 बजे तक अपने आवंटित घाटों और आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इस दौरान घाटों की सीढ़ियों, गलियों, संपर्क मार्गों और प्रमुख सड़कों पर प्रकाश व्यवस्था तथा विशेष सफाई अभियान का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। कहीं स्ट्रीट लाइट खराब या बंद मिलने, कूड़ा-करकट, सिल्ट अथवा गंदगी दिखाई देने पर संबंधित विभाग से समन्वय कर तत्काल समस्या का समाधान कराना होगा।

निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक शौचालयों और मूत्रालयों की नियमित सफाई व्यवस्था पर भी नजर रखी जाएगी। इसके अलावा घाटों पर मोबाइल टॉयलेट, पोर्टेबल टॉयलेट और पेयजल टैंकरों की उपलब्धता तथा उनके संचालन का सत्यापन किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नगर निगम ने निरीक्षकों को कमियां मिलने पर उनके तत्काल निस्तारण और फोटोग्राफ सहित अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। सभी नामित राजस्व और कर निरीक्षक अपनी निरीक्षण रिपोर्ट अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा के कार्यालय में प्रस्तुत करेंगे। वहीं, अनुपालन आख्या सीधे नगर आयुक्त को उपलब्ध करानी होगी। यह विशेष व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है और देव दीपावली का आयोजन समाप्त होने तक जारी रहेगी।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…