10 नंबर मार्केट में निगम की कार्रवाई, गंदगी फैलाने वालों पर लगाया जुर्माना

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
भोपाल, 17 नवंबर (हि.स.)। भोपाल शहर के बाजारों को अतिक्रमण मुक्त, साफ-स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के लिए नगर निगम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में निगम उपायुक्त चंचलेश गिरहारे ने मंगलवार को 10 नंबर मार्केट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों से चर्चा कर दुकानों का सामान निर्धारित सीमा में रखने, कॉरिडोर खाली रखने और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने की समझाइश दी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि वे दुकानों के सामने और कॉरिडोर में सामान न रखें तथा निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यवसाय संचालित करें। सभी दुकानों पर डस्टबिन रखना अनिवार्य करने और कचरा सार्वजनिक स्थलों पर नहीं फेंकने की भी हिदायत दी। ट्रांसफार्मर के पास दुकानें संचालित करने वाले व्यापारियों को सुरक्षा की दृष्टि से निर्धारित सीमा में ही सामान रखने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने निगम अधिकारियों को बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों से अतिक्रमण सख्ती से हटाने, सड़कों और मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध स्पॉट फाइन की कार्रवाई प्रभावी ढंग से करने को भी कहा।
समझाइश के बावजूद सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ निगम अमले ने कार्रवाई करते हुए 11 प्रकरण दर्ज किए और 6,200 रुपये का स्पॉट फाइन वसूला।
निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशों के पालन में की गई इस कार्रवाई के दौरान रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था के प्रभारी नीतिश मिश्रा, जोन क्रमांक 10 के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी वासुदेव उदेनिया और अतिक्रमण निरोधक दस्ते के प्रभारी नासिर खान सहित निगम का अमला मौजूद रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा