Live VNS

संदिग्ध परिस्थितियों में पिपरा में 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत, जहरीली शराब पिलाने का आरोप

संदिग्ध परिस्थितियों में पिपरा में 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत, जहरीली शराब पिलाने का आरोप

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

सुपौल, 20 नवंबर (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के पिपरा नगर पंचायत वार्ड नंबर-9 निवासी दीपो मुखिया (45) की देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजन के अनुसार, तबीयत खराब होने पर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मृतक की पत्नी लीला देवी और पुत्र नीतिश कुमार ने पड़ोस की एक महिला पर दीपो मुखिया को जहरीली शराब पिलाने का आरोप लगाया है। परिजन के इस आरोप के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। हालांकि, शराब के सेवन से ही मौत हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया। सदर एसडीपीओ राजीव रंजन ने गुरुवार रात करीब नौ बजे बताया कि एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल लाया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पिपरा थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही मौतों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खबर के अनुसार, तीन दिनों के भीतर अलग-अलग घटनाओं में आठ लोगों की मौत हुई है। इसी बीच दीपो मुखिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और परिजनों की ओर से जहरीली शराब पिलाने के आरोप ने शराब के अवैध कारोबार और प्रशासनिक निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, इन सभी मौतों के बीच कोई संबंध है या नहीं, यह जांच का विषय है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…