Live VNS

मुरादाबाद : पंच प्यारों की अगुवाई में निकला भव्य नगर कीर्तन

मुरादाबाद : पंच प्यारों की अगुवाई में निकला भव्य नगर कीर्तन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मुरादाबाद, 22 नवंबर (हि. स.)। गुरुनानक देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार शाम को आदर्श नगर स्थित गुरुद्वारा श्री कल्गीधर से नगर कीर्तन निकाला गया। पंच प्यारों की अगुवाई में निकाले गए नगर कीर्तन में शामिल झांकियों के माध्यम से गुरुनानक देव का संदेश और जीवन संघर्ष को प्रकाशित किया। गतका पार्टी ने करतब दिखाकर सभी को अचंभित कर दिया। महिलाओं ने कीर्तन कर पूरा माहौल भक्तिमय कर दिया। ग्रंथ साहिब के रथ को खींचने के लिए श्रद्धालु उमड़े रहे।

आदर्श नगर स्थित गुरुद्वारे से गुरुनानक देव के जयघोष और सत श्री अकाल, जो बोले सो निहाल के जयकारों के साथ नगर कीर्तन आरंभ किया गया। अमृतसर से आए बैंड की धुन सभी को आकर्षित करती रही।

इसमें शामिल झांकियों ने गुरुनानक देव का संदेश और उनके द्वारा जीवन में किये गए संघर्ष को प्रदर्शित किया। इनके रथों पर सवार बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इनके पीछे महिला मंडली कीर्तन करती चलती रही। सबसे आखिर में ग्रंथ साहिब का रथ रहा। इससे गुरुवाणी गूंजती रही। रथ के आगे श्रद्धालु पानी छिड़क और झाड़ू लगाते चलते रहे। रथ के रस्से को खींचने के लिए श्रद्धालु उमड़े रहे।

रथ यात्रा गुरुद्वारे से चलकर आदर्श नगर गई। कीर्तन पर की गई पुष्प वर्षा भ्रमण कर ईदगाह रोड, संभल रोड डबल फाटक, स्टेशन रोड, कपूर कंपनी से हेलेट रोड होते हुए झांकियां गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पहुंचीं। जहां गुरुद्वारा कमेटी ने पुष्प बरसा कर और सिरोपा भेंट कर स्वागत किया। बच्चों ने नृत्य कर और गतका पार्टी ने करतब दिखाकर सभी को अचंभित कर दिया।

यहां से नगर कीर्तन ताड़ीखाना चौराहा, बुधबाजार, फिर स्टेशन रोड, संभल डबल फाटक होते हुए गुरुद्वारा कल्गीधर आदर्श नगर पहुंचकर संपन्न हुआ। नगर कीर्तन आरंभ करने से पहले गुरुद्वारा में लंगर भी लगा। व्यवस्था में भूपेंद्र सिंह बाली, सरदार गुरुप्रीत सिंह दुआ, सरदार गुरविंदर सिंह, महेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…