सफाई व्यवस्था जांचने महापौर घूमे सडक़ों पर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जयपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। शहर की सफाई व्यवस्था को जांचने के लिए बुधवार सुबह महापौर सुनील कोठारी फील्ड में उतरे। कई घंटों तक सडक़ों पर घूम-घूमकर मुख्य सडक़ों के साथ गलियों की सफाई देखी और जहां पर गदंगी मिली वहां पर अधिकारियों को दिशा निर्देश देकर कार्रवाई करवाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सफाई व्यवस्था के निरीक्षण की शुरूआत महापौर ने स्टेच्यू सर्किल से की। महापौर ने सिविल लाइन और विद्याधर नगर जोन के अलग-अलग हिस्सों में जाकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। सुबह 9 बजे महापौर सबसे पहले स्टेच्यू सर्किल पहुंचे। इसके बाद तिलक मार्ग ,डियर पार्क सचिवालय के आसपास का क्षेत्र अशोक उद्यान, चौमंू हाउस सर्किल ,रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस डिपो, अंबाबाड़ी सर्किल, परशुराम गैराज सर्किल, मंदिर मोड विद्याधर नगर सहित विभिन्न स्थानों की सफाई व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। महापौर ने अतिक्रमण और गदंगी देखकर मौके पर ही दुकानदारों के चालान भी कटवाए। जयपुर जंक्शन पर सुलभ शौचालय का भी निरीक्षण किया। एक स्थान पर शौचालय बंद मिला तो ताला तुड़वाकर उसे चालू करवाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश