जयपुर मेयर ने विवादाें के चलते निगम में 11 अधिकारियों के बदले जाेन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जयपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। जयपुर नगर निगम में मेयर सुनील कोठारी ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। निगम के 11 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां दी हैं। फेरबदल में पशुप्रबंधन, फायर, उद्यान, स्टोर, एनयूएलएम और अलग-अलग जोन शामिल हैं। मेयर ने कुछ ऐसे विभागों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली है, जिनके कामकाज को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं। वहीं उनके अधिकारियों के बीच सामंजस्य की कमी की बात कही जा रही थी।
नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर नरेंद्र कुमार बंसल ने बुधवार को आदेश जारी किए। इसमें करणी सिंह को पशु प्रबंधन विभाग से हटाकर किशनपोल जोन का उपायुक्त बनाया गया है। मनोहर लाल जाट को सिविल लाइंस जोन से पशु प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। निहारिका शर्मा को किशनपोल जोन से हटाकर झोटवाड़ा और वैशाली नगर जोन का उपायुक्त बनाया गया है। वहीं एपीओ चल रहे सुनील बैरवा को सिविल लाइंस जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निगम के प्रशासनिक फेरबदल में पवन कुमार शर्मा को विशेषाधिकारी मेयर की जिम्मेदारी दी गई है। इससे मेयर कार्यालय के कामकाज में समन्वय और प्रशासनिक संवाद की जिम्मेदारी उनके पास रहेगी। निगम में मेयर के कार्यभार संभालने के बाद यह बदलाव राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश