एसडीओ व एसडीपीओ ने की आयोजित राजगीर महोत्सव कार्यक्रम का समीक्षा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
बिहारशरीफ 25 नवंबर (हि.स.)।आगामी 26 नवंबर से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले 'राजगीर महोत्सव 2026' के मुख्य समारोह को शांतिपूर्वक, सौहार्दपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से आज बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी सूर्य प्रकाश गुप्ता एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजीत कुमार गुप्ता की संयुक्त अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की एक विस्तृत कार्यक्रम कि समीक्षा की गई।
इस अवसर पर डीएसपी राम दुलार भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।आगंतुक पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए वरीय अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी प्रतिनियुक्त कर्मी यह ध्यान रखें कि उनकी तैनाती मेले और सांस्कृतिक महोत्सव का आनंद लेने के लिए नहीं, बल्कि पूरे आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए हुई है।अधिकारियों ने सख्त हिदायत दी कि वर्दी (यूनिफॉर्म) में तैनात पुलिसकर्मी और पदाधिकारी ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करेंगे। अनावश्यक मोबाइल के उपयोग और फोटो-वीडियो बनाने से बचेंगे।
विधि-व्यवस्था संधारण, भीड़ नियंत्रण और पेट्रोलिंग में तैनात सभी दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रहकर अपने प्रतिनियुक्त स्थल पर ही मुस्तैद रहेंगे। अपना ड्यूटी पॉइंट छोड़कर मुख्य मंच की ओर अनावश्यक रूप से न जाएंगे। वहीं मुख्य मंच के करीब कोई भी व्यक्ति अनावश्यक रूप से फोटो या वीडियो बनाने के लिए खड़ा न हो, ताकि पीछे बैठे दर्शकों का विजन ब्लॉक न हो और उन्हें कोई असुविधा न हो। आगंतुक अतिथियों के साथ आने वाले लोगों और मीडियाकर्मियों के लिए अलग-अलग स्थान चिह्नित हैं; यह सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित व्यक्ति अपने निर्धारित स्थान पर ही बैठें।
पार्किंग की व्यवस्था पूर्व से निर्धारित है। आगंतुक जिस प्रवेश द्वार (गेट) से अंदर आएंगे, उनके वाहनों की पार्किंग उसी गेट के समीप निर्धारित स्थल पर सुव्यवस्थित ढंग से कराई जाएगी, ताकि आगे से रास्ता ब्लॉक न हो और किसी भी वाहन को बाहर निकलने में असुविधा न हो। मुख्य पंडाल स्थल के पास कोई भी वाहन खड़ा नहीं रहेगा और बड़ी गाड़ियों का प्रवेश कार्यक्रम स्थल की ओर पूर्णतः वर्जित रहेगा। अति-उत्साह में आकर यदि कोई व्यक्ति किसी प्रकार की अप्रिय घटना या अव्यवस्था फैलाने की कोशिश करता है, तो उस पर त्वरित नियंत्रण किया जाए। सभी पदाधिकारियों को जारी किए गए 'संयुक्तादेश' का गहन अध्ययन करने का निर्देश दिया गया है, ताकि कार्यक्षेत्र को लेकर कोई संशय न रहे और किसी भी दुविधा की स्थिति में वरीय पदाधिकारियों से संपर्क कर तत्काल समाधान निकाला जा सके।ब्रीफिंग के अंत में अधिकारियों ने कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य स्थिति को पूरी तरह स्पष्ट रखना है ताकि सभी कर्मी बिना किसी संदेह के एक टीम के रूप में कार्य करें और राजगीर महोत्सव को भव्य एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराएं जायेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे