Live VNS

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का आज यहां राष्ट्रपति भवन में भव्य औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनकी अगवानी करते हुए स्वागत किया। इस दौरान बालेंद्र शाह ने राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी भी उनके साथ मौजूद रहे।

समारोह उपरांत, प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने क्रमशः भारतीय और नेपाली प्रतिनिधिमंडलों के सदस्यों से भी मुलाकात की। इस दौरान शाह ने राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

बालेन्द्र शाह अपनी पहली भारत यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंचे। दोनों देश अपने समग्र द्विपक्षीय संबंधों को नए सिरे से मजबूत करने, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, रेलवे, बुनियादी ढांचे, तकनीक, मानव संसाधन विकास और जलवायु परिवर्तन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण समझौते करने की दिशा में काम कर रहे हैं। 36 वर्षीय बालेन्द्र शाह की यह पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है। प्रधानमंत्री मोदी के साथ आज उनकी होने वाली वार्ता से भविष्य के लिए द्विपक्षीय साझेदारी की रूपरेखा तय होने और सहयोग के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।

बालेंद्र शाह के साथ 35 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। इस यात्रा के दौरान नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का भी आयोजन होना है। भारत और नेपाल के बीच खुली सीमा, आपसी विश्वास, साझा परंपराओं और लोगों के बीच गहरे जुड़ाव पर आधारित अनूठे और व्यापक संबंध हैं। विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए दोनों देशों के बीच 40 से अधिक द्विपक्षीय संस्थागत तंत्र काम कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…