Live VNS

भेड़ाघाट में 504वीं नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा में उमड़ा आस्था का सैलाब, सैकड़ों महिलाओं ने कराई गोद भराई

भेड़ाघाट में 504वीं नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा में उमड़ा आस्था का सैलाब, सैकड़ों महिलाओं ने कराई गोद भराई

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जबलपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के जबलपुर स्थित भेड़ाघाट में कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को 504वीं नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा के दौरान श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी, संतों का सानिध्य, भगवा ध्वजों की कतार और चहुंओर गूंजते 'नर्मदे हर' के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। हरे कृष्णा आश्रम भेड़ाघाट से सुबह चार बजे परिक्रमा का शुभारंभ हुआ। इसके पूर्व श्री शैलम तीर्थ क्षेत्र से लाई गई 1.25 लाख बत्तियों से मां नर्मदा की भव्य महाआरती की गई।

परिक्रमा में भगवान हनुमानजी की गदा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। संतों द्वारा प्रदान की गई गदा को यात्रा का नेतृत्व सौंपा गया। भगवान हनुमानजी की सूक्ष्म उपस्थिति का भाव लेकर संतों, शहीद परिवारों और श्रद्धालुओं ने परिक्रमा प्रारंभ की। देर रात से ही भेड़ाघाट के घाटों और आश्रम में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह होते ही श्रद्धालुओं की टोलियां संकीर्तन करते, भजन गाते और भगवा ध्वज लेकर परिक्रमा मार्ग पर आगे बढ़ने लगीं।

पंचकोशी परिक्रमा मंच पर संकीर्तनाचार्य सुरेश विश्वकर्मा, सुरेंद्र गिरी गोस्वामी और मनमोहन दुबे ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस अवसर पर जगद्गुरु नरसिंहदेवाचार्य महाराज, जगद्गुरु राजारामाचार्य महाराज, रामजीशरण, ज्ञानेश्वरी दीदी, स्वामी प्रकाशानंद, रामेश्वरानंद महाराज, रोहित दुबे, संतोष शास्त्री, पगलानंद महाराज, राम भारती महाराज, सुरेंद्रनाथ महाराज, योगी राजेश्वरानंद, ज्योतिनंद, भोलानाथ उदासीन, राजेश भोले, पवन दास, अशोक मनोदया, हीरा दीदी और केट शर्मा सहित अनेक संत एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

शहीद परिवार की ओर से मयूर कपूर और क्रांतिकारी परिवार से बाबी दुबे सहित अन्य लोगों ने भी सहभागिता की। संतों और श्रद्धालुओं के नेतृत्व में निकली परिक्रमा में सैकड़ों टोलियां शामिल हुईं। ढोल-नगाड़ों, डीजे, बैंड और दुलदुल घोड़ी के साथ श्रद्धालु संकीर्तन करते हुए 'नर्मदे हर' का जयघोष करते आगे बढ़ते रहे।

परिक्रमा का निर्धारित मार्ग पंचवटी, 64 योगिनी, धुआंधार और गोपालपुर होते हुए लमेटाघाट तक रहा। यहां से श्रद्धालु नावों के माध्यम से नर्मदा पार कर शनि मंदिर, डुडुवारा, इमलिया और न्यू भेड़ाघाट होते हुए सरस्वती घाट पहुंचे। यहां से पुनः नाव द्वारा नर्मदा पार कर श्रद्धालु हरे कृष्णा आश्रम पहुंचेंगे, जहां विशाल भंडारे के साथ परिक्रमा का समापन होगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लमेटाघाट और सरस्वती घाट पर 30-30 नावों एवं मोटरबोट की व्यवस्था की गई है। हजारों श्रद्धालु अभी भी परिक्रमा मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं। मार्ग में जगह-जगह भक्तों ने अपनी मनोकामनाओं के प्रतीक स्वरूप पत्थरों से छोटे-छोटे मकान भी बनाए।

परिक्रमा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए हरे कृष्णा आश्रम के अलावा पूरे मार्ग में अमरनाथ यात्रा की तर्ज पर भंडारों की व्यवस्था की गई है। नरेंद्र अग्रवाल, पचोरी परिवार, मेडी अमरपुर, रामलीला समिति गढ़ा, उदयभान सिंह, वीरेंद्र पटेल और गोपाल रेस्टोरेंट सहित विभिन्न संस्थाओं एवं श्रद्धालुओं द्वारा भोजन-प्रसादी वितरित की जा रही है। आयोजन के दौरान छोटे-बड़े कुल 51 भंडारे संचालित किए जा रहे हैं।

हरे कृष्णा आश्रम में परम पूज्य स्वामी रामचंद्र दासजी महाराज के सानिध्य में बद्रीनाथ धाम से पूजित गोमती चक्र का प्रसाद स्वरूप वितरण किया जा रहा है। इसके साथ ही बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर गोद भराई की धार्मिक परंपरा में सहभागिता की। इस दौरान सैकड़ों महिलाओं ने गोद भराई की रस्म निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…