महिला डिग्री कॉलेज में राष्ट्रीय एकता सप्ताह का आगाज, डोगरी पंजाबी लोकनृत्यों ने बांधा समां

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कठुआ, 19 नवंबर (हि.स.)। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज फॉर वूमेन कठुआ में वीरवार को राष्ट्रीय एकता सप्ताह का शुभारंभ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जागरूकता गतिविधियों के साथ किया गया। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवकों के लिए स्वागत एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया जिसकी थीम सेवा भाव से करें सेवा, कार्यों से बनें नेतृत्वकर्ता रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. जयपाल सिंह ने विद्यार्थियों को एकता, अनुशासन, आपसी सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी के मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्र निर्माण और सामुदायिक सेवा में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. सुरभि गुप्ता ने राष्ट्रीय एकता सप्ताह के उद्देश्यों और आगामी गतिविधियों की जानकारी देते हुए स्वयंसेवकों को सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने डोगरी और पंजाबी लोकनृत्य, डोगरी गीत, एकल नृत्य और एनएसएस गीत प्रस्तुत कर क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की।
प्रो. सुरभि गुप्ता और डॉ. रचना देवी ने भी सामाजिक जिम्मेदारी, आपसी भाईचारे और सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया