Live VNS

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी 28 नवंबर को रायपुर में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब सम्मेलन में करेंगे शिरकत और एनएसएसएच कार्यालय का करेंगे उद्घाटन

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी 28 नवंबर को रायपुर में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब सम्मेलन में करेंगे शिरकत और एनएसएसएच कार्यालय का करेंगे उद्घाटन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

रायपुर, 27 नवम्बर (हि. स.)। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई), भारत सरकार द्वारा 28 नवंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर (छत्तीसगढ़) में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

सम्मेलन का उद्देश्य उद्यमिता को बढ़ावा देना तथा राष्ट्रीय एससी-एसटी हब (एनएसएसएच) योजना एवं एमएसएमई मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं और पहलों के प्रति जागरूकता फैलाना है।

इस सम्मेलन में सीपीएसई, बैंक, वित्तीय संस्थान, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जीईएम) तथा राज्य सरकार सहित विभिन्न प्रमुख हितधारक भाग लेंगे, जो वर्तमान एवं भावी उद्यमियों को मार्गदर्शन, हैंडहोल्डिंग तथा आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। उक्त जानकारी डॉ. सुभ्रांशु शेखर आचार्य, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी), नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएसआईसी) ने सम्मेलन के पूर्व शुक्रवार को रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

सम्मेलन की अध्यक्षता जीतन राम मांझी, केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री करेंगे। इस एक दिवसीय कार्यक्रम में गुरु खुशवंत साहेब, मंत्री, अनुसूचित जाति विकास, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, छत्तीसगढ़ शासन तथा लखनलाल देवांगन, मंत्री, वाणिज्य एवं उद्योग, छत्तीसगढ़ शासन भी सहभागी होंगे।

राष्ट्रीय एससी-एसटी हब (एनएसएसएच) योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अक्टूबर 2016 में किया गया था। योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति उद्यमियों की क्षमता में वृद्धि करना तथा सार्वजनिक खरीद में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…