Live VNS

राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति की 92वीं बैठक में समुद्री वन्यजीव संरक्षण पर विशेष जोर

राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति की 92वीं बैठक में समुद्री वन्यजीव संरक्षण पर विशेष जोर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)।

केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड (एनबीडब्ल्यूएल) की स्थायी समिति की 92वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में वन्यजीव और समुद्री जैव विविधता के संरक्षण के साथ-साथ विकास परियोजनाओं और पर्यावरणीय संतुलन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक के दौरान वन्यजीव सप्ताह-2026 की रिपोर्ट पर विचार किया गया। इस वर्ष वन्यजीव सप्ताह 'वन्यजीवों के आवासों को जोड़ना, उन्हें समृद्ध बनाना' विषय पर मनाया गया था। भूपेंद्र यादव ने इस दौरान किए गए संरक्षण प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार वन्यजीव संरक्षण के लिए वैज्ञानिक और जमीनी स्तर पर प्रभावी परिणाम देने वाली पहल पर जोर दे रही है।

इन पहलों में पश्चिम बंगाल के बक्सा में बाघों को दोबारा बसाना, राजस्थान में ग्रेट इंडियन बस्टर्ड (गोडावण) को जंगल में छोड़ना और प्रोजेक्ट चीता का तीसरे स्थान तक विस्तार करना शामिल है।

इस मौके पर भूपेन्द्र यादव ने वन्यजीव सप्ताह के दौरान चयनित पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी और वन्यजीव संरक्षण में अग्रिम मोर्चे पर काम करने वाले कर्मचारियों तथा स्थानीय समुदायों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया।

संरक्षण और शिकार रोकने के क्षेत्र में तेलंगाना के स्वर्गीय बनोथ नवीन, नागालैंड के हुकाई एच. झिमो और तमिलनाडु के वी. कुमारेशन को सम्मानित किया गया।

वन्यजीव निगरानी और विशेष कौशल के लिए महाराष्ट्र के उमेश भारत कलसारपे, गुजरात के अश्विनसिंह किरीतसिंह जडेजा और उत्तर प्रदेश के बहराइच मानव-वन्यजीव संघर्ष प्रबंधन समूह को सम्मान मिला।

सामुदायिक संरक्षण पुरस्कार गुजरात की महावीर मच्छीमार सहकारी मंडली लिमिटेड, मंगलोर को व्हेल शार्क संरक्षण और तमिलनाडु की पोन्नुरुवी इको-टूरिज्म मैनेजमेंट कमेटी, सिरुमलाई हिल्स को दिया गया। वहीं, असम के नामेरी टाइगर रिजर्व को कंजर्वेशन एश्योर्ड टाइगर स्टैंडर्ड्स के तहत मान्यता प्रदान की गई।

समुद्री वन्यजीव संरक्षण पर विशेष चर्चा

बैठक का मुख्य विषय समुद्री संरक्षण रहा। इस दौरान भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई) के वैज्ञानिकों ने तटीय एवं समुद्री संरक्षित क्षेत्रों के प्रबंधन की प्रभावशीलता, समुद्री कछुओं का देशव्यापी आकलन और निगरानी, भारत में डुगोंग और उनके आवासों के संरक्षण में 2016 से 2026 तक हुई प्रगति तथा वन्यजीवों पर रैखिक बुनियादी ढांचे के प्रभाव को कम करने से जुड़े विषयों पर प्रस्तुतियां दीं।

इन प्रस्तुतियों में समुद्री संरक्षित क्षेत्रों के प्रबंधन, समुद्री कछुओं और डुगोंग के संरक्षण में हुई उपलब्धियों की जानकारी दी गई। साथ ही सड़कों और अन्य रैखिक बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से वन्यजीवों पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने के लिए बुनियादी ढांचा योजनाकारों, निर्माण एजेंसियों, पर्यावरण सलाहकारों, वन्यजीव प्रबंधकों और नियामक संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई गई।

बैठक में समुद्री जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जारी किए गए। इनमें तटीय एवं समुद्री संरक्षित क्षेत्रों के प्रबंधन की प्रभावशीलता पर 2024-26 के आकलन की रिपोर्ट शामिल है। इसमें देश के 108 संरक्षित क्षेत्रों का मूल्यांकन किया गया है।

समुद्री कछुओं के देशव्यापी आकलन में 2022 से 2025 के बीच तीन प्रजनन मौसमों के दौरान लगभग 1,300 किलोमीटर समुद्री तट और 360 समुद्र तटीय क्षेत्रों का अध्ययन किया गया। इसमें समुद्री कछुओं की चार प्रजातियों के घोंसला बनाने की स्थिति का आकलन किया गया है।

इसके अलावा भारत में डुगोंग और उनके आवासों के संरक्षण पर 2016-2026 की उपलब्धियों से जुड़ी रिपोर्ट जारी की गई। इसमें तमिलनाडु में ड्रोन के माध्यम से पहली बार किए गए डुगोंग की आबादी के आकलन का उल्लेख है। इस आकलन में इनकी अनुमानित संख्या 270 (±16) बताई गई है। साथ ही समुद्री घास के आवासों की पहचान और पाक खाड़ी में भारत के पहले डुगोंग संरक्षण रिजर्व की अधिसूचना को भी प्रमुख उपलब्धि बताया गया।

अरब सागर में पाई जाने वाली हंपबैक व्हेल की स्थिति पर 2022-25 के अध्ययन की रिपोर्ट भी जारी की गई। इसमें संभावित रूप से व्हेल दिखाई देने वाले सात प्रमुख क्षेत्रों की पहचान की गई और मछली पकड़ने के जाल में फंसने को इनके लिए एक प्रमुख खतरा बताया गया।

इसके साथ

समुद्री कछुओं के संरक्षण के लिए तीन प्रकाशन भी जारी किए गए। इनमें समुद्री कछुओं की पहचान और टैगिंग की तकनीकी प्रक्रिया, भारतीय समुद्री क्षेत्रों में उनकी ट्रैकिंग तथा भारत में पाई जाने वाली समुद्री कछुओं की प्रजातियों से संबंधित जानकारी शामिल है।

छोटी जंगली बिल्लियों के संरक्षण के लिए फील्ड मैनुअल जारी

किया।

मंत्री ने छोटी जंगली बिल्लियों के संरक्षण पर 'फील्ड मैनुअल ऑन स्मॉल कैट्स' भी जारी किया। इसमें भारत में पाई जाने वाली छोटी जंगली बिल्लियों की नौ प्रजातियों की पहचान, उनके सर्वेक्षण और निगरानी के लिए व्यावहारिक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

यह मैनुअल भारत सरकार-जीईएफ स्मॉल कैट्स कंजर्वेशन परियोजना के तहत तैयार किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…