Live VNS

नाटो का शिखर सम्मेलन 2027 में अल्बानिया में नहीं होगा : प्रधानमंत्री रामा

नाटो का शिखर सम्मेलन 2027 में अल्बानिया में नहीं होगा : प्रधानमंत्री रामा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

ब्रुसेल्स, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) का अगला सालाना शिखर सम्मेलन 2027 में अल्बानिया में आयोजित नहीं होगा। अल्बानिया के प्रधानमंत्री एडी रामा ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सम्मेलन की तारीख को लेकर सदस्य देशों के बीच अभी सहमति नहीं बनी है। हालांकि, 2028 में शिखर सम्मेलन आयोजित होने की स्थिति में इसकी मेजबानी अल्बानिया कर सकता है।

यूरोपीय नेताओं की बैठक में शामिल होने के लिए डबलिन रवाना होने से पहले रामा ने कहा कि सम्मेलन कब होगा, इस पर अभी साझा रुख नहीं बन पाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निश्चित है कि 2027 में शिखर सम्मेलन नहीं होगा। रामा ने कहा कि यदि 2028 में सम्मेलन आयोजित किया जाता है तो उसकी मेजबानी तिराना करेगा।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इस बात की ओर इशारा किया गया था कि अल्बानिया में नाटो शिखर सम्मेलन आयोजित करने की योजना पर अनिश्चितता के बादल छा सकते हैं। इसकी वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन का विरोध और अल्बानिया के कम रक्षा खर्च को लेकर नाटो के कुछ सदस्य देशों की नाराजगी बताई गई थी।

गौरतलब है कि जून 2025 में हेग में हुए नाटो शिखर सम्मेलन की घोषणा में सदस्य देशों ने कहा था कि उनकी अगली बैठक 2026 में तुर्किये में होगी और उसके बाद अल्बानिया में सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। लेकिन इस साल जुलाई में अंकारा में हुए शिखर सम्मेलन की घोषणा में अगली बैठक का जिक्र तो किया गया, लेकिन उसके समय और स्थान की जानकारी नहीं दी गई।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…