जींद : 4.98 लाख रुपये की लूट के मामले में तीन और आरोपित गिरफ्तार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जींद, 12 नवंबर (हि.स.)। गांव घिमाणा के पास पिकअप सवार युवकों से 4.98 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस चौकी सीआरएसयू की टीम ने गुरुवार काे तीन और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितयों के पास से दो लाख रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
थाना सदर जींद प्रभारी पीएसआई मनीष कुमार ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि भिवानी जिले के गांव कौट निवासी राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह अपने साथी प्रवीण के साथ पिकअप गाड़ी में भिवानी से स्क्रैप बैटरियां लेकर जींद आया था। दोनों ने हांसी रोड स्थित प्लॉट नंबर 17 में बैटरियां चार लाख 98 हजार 600 रुपये में बेची थी। बैटरियां बेचने के बाद मिली नकदी उन्होंने पिकअप गाड़ी में रख ली और वापस भिवानी के लिए रवाना हो गए। जब वे घिमाणा गांव के पास पहुंचे तो दो गाडिय़ों में सवार होकर आए बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपितों ने दोनों के साथ मारपीट की और पिकअप में रखी चार लाख 98 हजार 600 रुपये की नकदी लूट कर फरार हो गए थे। शिकायत के आधार पर थाना सदर जींद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले लोकेश उर्फ लाडी, जयदीप, चांद और शुभम को गिरफ्तार किया था। इन्हें पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। जांच के दौरान भिवानी जिले के गांव नांगल निवासी आनंद उर्फ आना, जींद जिले के गांव कर्मगढ़ निवासी विक्रम और ओम नगर जींद निवासी मोहित के नाम सामने आए। जिस पर पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से दो लाख रुपये बरामद किए हैं। पुलिस इस मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा