Live VNS

नीमच: प्लॉट का अतिक्रमण दर्ज करने के लिए मांगी रिश्वत, पटवारी 2 हजार रुपए लेते पकड़ाया

नीमच: प्लॉट का अतिक्रमण दर्ज करने के लिए मांगी रिश्वत, पटवारी 2 हजार रुपए लेते पकड़ाया

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नीमच, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नीमच जिले की मनासा तहसील के खानखेड़ी गांव में पदस्थ पटवारी जितेश मराठा को शुक्रवार को उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने रिश्वत लेने के आरोप में पकड़ा। कार्रवाई के दौरान पटवारी की मोटरसाइकिल के बैग से 2 हजार रुपए बरामद किए गए। आरोप है कि पटवारी ने एक प्लॉट का अतिक्रमण दर्ज कराने के बदले 8 हजार रुपए के हिसाब से दो प्लॉट के लिए कुल 16 हजार रुपए की मांग की थी, बाद में शिकायतकर्ता के अनुरोध पर 10 हजार रुपए में सौदा तय हुआ था।

लाेकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी अनुसार खानखेड़ी निवासी तेजूदास बैरागी ने 12 नवंबर को उज्जैन लोकायुक्त एसपी विनोद कुमार दीक्षित से पटवारी के खिलाफ शिकायत की थी। तेजूदास, ओमप्रकाशदास बैरागी के बेटे हैं। शिकायत के अनुसार, प्लॉट का अतिक्रमण दर्ज कराने के लिए पटवारी जितेश मराठा ने उनसे 16 हजार रुपए मांगे थे। शिकायतकर्ता के अनुरोध पर पटवारी 10 हजार रुपए लेने के लिए तैयार हो गया था। इसमें से 3 हजार रुपए वह पहले ही दे चुका था।

शुक्रवार को शिकायतकर्ता ने बाकी रकम देने के लिए पटवारी की मोटरसाइकिल के बैग में 2 हजार रुपए रखे। इसी दौरान उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई करते हुए रकम बरामद कर ली। मामले में लोकायुक्त की टीम आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन तथा डीआईजी मनोज कुमार सिंह और एसपी विनोद कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप दल में डीएसपी दिनेशचंद पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, कन्हैयालाल धनगर, आरक्षक शिव कुमार शर्मा और मोहम्मद इसरार शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…