Live VNS

नेपाल में लागू हो सकता है भारत का ‘पीएम गतिशक्ति’ मॉडल, मोदी-बालेन के संयुक्त विजन पेपर में प्रस्ताव

नेपाल में लागू हो सकता है भारत का ‘पीएम गतिशक्ति’ मॉडल, मोदी-बालेन के संयुक्त विजन पेपर में प्रस्ताव

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

काठमांडू, 24 नवंबर (हि.स.)। नेपाल, भारत के सफल बुनियादी ढांचा विकास मॉडल ‘पीएम गतिशक्ति’ को अपने यहां लागू करने पर विचार कर सकता है। प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा के दौरान यह विचार तेजी से उभरा है। नेपाल और भारत के प्रधानमंत्री के स्वीकृत संयुक्त विजन पेपर में इस योजना को नेपाल की भौगोलिक परिस्थितियों और विकास संबंधी प्राथमिकताओं के अनुरूप अपनाने की संभावना का उल्लेख किया गया है।

‘समुन्नत नेपाल और विकसित भारत’ के लक्ष्य के साथ जारी संयुक्त विजन पेपर में कहा गया है कि दोनों देश प्रधानमंत्री गतिशक्ति (पीएम गतिशक्ति) जैसे तंत्र के माध्यम से एकीकृत बुनियादी ढांचा योजना और कनेक्टिविटी नेटवर्क के विकास में सहयोग करेंगे। नेपाल अपनी भौगोलिक स्थिति और विकास की जरूरतों के अनुसार इस व्यवस्था को अपनाने पर विचार कर सकता है।

संयुक्त दस्तावेज में कहा गया है, ''प्रधानमंत्री गतिशक्ति (पीएम गतिशक्ति) जैसे तंत्रों के माध्यम से एकीकृत बुनियादी ढांचा योजना और संपर्क नेटवर्क के विकास में सहयोग किया जाएगा, जिसे नेपाल अपनी भौगोलिक और विकास संबंधी प्राथमिकताओं के अनुसार अपनाने पर विचार कर सकता है।''

भारत में इस योजना को ‘पीएम गतिशक्ति’ के नाम से जाना जाता है। हालांकि, नेपाल अपनी जरूरतों और प्राथमिकताओं के मुताबिक इसका नाम भी अलग रख सकता है। भारत लंबे समय से नेपाल में इस मॉडल को लागू करने में रुचि दिखाता रहा है। पहली बार तत्कालीन प्रधानमंत्री पुष्पकमल दाहाल 'प्रचंड' की 17 मई 2023 की भारत यात्रा के दौरान भारतीय पक्ष ने इस तंत्र का प्रस्ताव रखा था।

इसके बाद प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के कार्यकाल में भी भारत की ओर से यह प्रस्ताव दिया गया था। हालांकि, तत्कालीन सरकार की ओर से इसे लागू करने में विशेष रुचि नहीं दिखाए जाने के कारण योजना आगे नहीं बढ़ सकी। प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा के दौरान भारत ने एक बार फिर इस प्रस्ताव को संयुक्त विजन पेपर में शामिल किया है। फिलहाल नेपाल का बुनियादी ढांचा विकास मंत्रालय इस व्यवस्था को लागू करने की संभावनाओं का अध्ययन कर रहा है। मंत्रालय की ओर से मिलने वाले सुझावों के आधार पर नेपाल सरकार इसके इस्तेमाल को लेकर निर्णय लेगी।

भारत सरकार ने 13 अक्टूबर 2021 को ‘पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान’ की शुरुआत की थी। इसका मुख्य उद्देश्य देश में बुनियादी ढांचे के विकास को एकीकृत, व्यवस्थित और कम खर्चीला बनाना है। इस योजना के तहत सड़क, रेलवे, हवाई अड्डे, बंदरगाह, जलमार्ग, जन परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़े बुनियादी ढांचे को एक-दूसरे के साथ जोड़कर विकास की योजना बनाई जाती है।

यह अपने आप में सड़क, रेलवे या हवाई अड्डे बनाने के लिए अलग से बजट वाली कोई परियोजना नहीं है, बल्कि विभिन्न मंत्रालयों और सरकारी एजेंसियों की योजनाओं को एक ही व्यवस्था के तहत समन्वित करने वाला राष्ट्रीय प्लानिंग और डिजिटल सिस्टम है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि किसी भी नई परियोजना को शुरू करने से पहले उससे संबंधित दूसरे बुनियादी ढांचे की स्थिति और भविष्य की योजनाओं को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देखा जा सकता है।

इसके लिए भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस) आधारित डिजिटल राष्ट्रीय मास्टर प्लान तैयार किया गया है। इसमें सड़क, रेलवे, हवाई अड्डे, वन क्षेत्र, नदियां, औद्योगिक क्षेत्र, बिजली की ट्रांसमिशन लाइन, जमीन और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध रहती हैं। इससे अलग-अलग मंत्रालयों और विभागों के बीच समन्वय बेहतर बनाने तथा परियोजनाओं के निर्माण में होने वाली देरी और अतिरिक्त खर्च को कम करने में मदद मिलती है।

नेपाल में भी बुनियादी ढांचा निर्माण के दौरान विभिन्न मंत्रालयों और सरकारी निकायों के बीच समन्वय की कमी एक बड़ी चुनौती रही है। कई बार सड़क निर्माण के बाद पानी की पाइपलाइन बिछाने या बिजली की लाइन भूमिगत करने के लिए दोबारा सड़क खोदनी पड़ती है। इससे सरकारी खर्च बढ़ता है और आम लोगों को भी परेशानी होती है। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्रों और सड़क नेटवर्क के बीच बेहतर संपर्क का अभाव तथा माल ढुलाई की अधिक लागत भी नेपाल के लिए चुनौती बनी हुई है।

ऐसे में पीएम गतिशक्ति जैसे मॉडल को अपनाने से नेपाल को सड़क, रेल, ऊर्जा, उद्योग और परिवहन परियोजनाओं की एकीकृत योजना बनाने में मदद मिल सकती है। इससे परियोजनाओं के बीच बेहतर तालमेल, निर्माण लागत में कमी और माल ढुलाई व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने की संभावना है। नेपाल सरकार फिलहाल इस मॉडल के उपयोग को लेकर अध्ययन कर रही है। अंतिम निर्णय मंत्रालय की सिफारिश और देश की भौगोलिक परिस्थितियों एवं विकास प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…