Live VNS

बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा में ऊर्जा क्षेत्र के मुद्दों पर रहेगा विशेष जोर, बिजली निर्यात की सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव रखेगा नेपाल

बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा में ऊर्जा क्षेत्र के मुद्दों पर रहेगा विशेष जोर, बिजली निर्यात की सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव रखेगा नेपाल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

काठमांडू, 17 नवंबर (हि.स.)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की 22 नवंबर से शुरू होने वाली भारत यात्रा के दौरान ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा होगी। प्रधानमंत्री के साथ ऊर्जा, जलस्रोत एवं सिंचाई मंत्री विराजभक्त श्रेष्ठ भी भारत जाएंगे। इसे देखते हुए नेपाल का ऊर्जा मंत्रालय दोनों देशों के बीच होने वाली बातचीत के एजेंडे को अंतिम रूप देने में जुटा है।

निवेश बोर्ड और विदेश मंत्रालय बड़े क्षमता वाले जलविद्युत परियोजनाओं को लेकर भारत के साथ चर्चा के लिए अलग-अलग एजेंडा तैयार कर रहे हैं। इसके अलावा ऊर्जा मंत्रालय भी अपने स्तर पर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को अंतिम रूप दे रहा है।

नेपाल और भारत के बीच फिलहाल बिजली के आयात की क्षमता 1,000 मेगावाट से बढ़ाकर 1,400 मेगावाट कर दी गई है। वहीं, नेपाल से भारत को बिजली निर्यात करने की क्षमता 1,100 मेगावाट से बढ़ाकर 1,650 मेगावाट की गई है। अब नेपाल सरकार प्रधानमंत्री शाह की भारत यात्रा के दौरान निर्यात की मौजूदा सीमा को और बढ़ाने का प्रस्ताव रखने की तैयारी कर रही है।

दिसंबर, 2023 में नेपाल और भारत के बीच अगले 10 वर्षों में भारत को 10,000 मेगावाट बिजली निर्यात करने के समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे। इसी समझौते के आधार पर नेपाल अब मौजूदा 1,650 मेगावाट की निर्यात सीमा बढ़ाने के लिए भारत के सामने प्रस्ताव रखेगा।

नेपाल भारत से बिजली निर्यात की प्रक्रिया को और सहज बनाने का भी प्रस्ताव रखने जा रहा है। नेपाल चाहता है कि देश में निर्माणाधीन या पहले से संचालित किसी भी जलविद्युत परियोजना से उत्पादित बिजली भारत को निर्यात करने की अनुमति देने के मामले में भारत लचीला रुख अपनाए।

ऊर्जा मंत्री श्रेष्ठ के मुताबिक नेपाल में किसी भी देश के निवेश से बनी जलविद्युत परियोजना की बिजली भारत को बेचने में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने के लिए भारत सरकार से सहयोग मांगा जाएगा। श्रेष्ठ ने कहा, ''हम चाहते हैं कि भारत ऐसे जलविद्युत परियोजनाओं के प्रति सकारात्मक और लचीला रुख अपनाए, ताकि वहां उत्पादित बिजली का निर्यात आसानी से हो सके।''

नेपाल भारत के साथ बिजली के आयात और निर्यात के लिए अलग-अलग मौसम के हिसाब से स्पष्ट मानक (स्टैंडर्ड) बनाने का प्रस्ताव भी रखने जा रहा है। नेपाल में सर्दियों और बरसात के मौसम में बिजली उत्पादन और मांग में अंतर रहता है। ऐसे में ऊर्जा मंत्रालय चाहता है कि दोनों देशों के बीच बिजली व्यापार को व्यवस्थित करने के लिए अलग मानक तैयार किए जाएं, जिससे आयात और निर्यात की प्रक्रिया अधिक प्रभावी हो और नेपाल को भी इसका अतिरिक्त आर्थिक लाभ मिल सके।

नेपाल सरकार बांग्लादेश को निर्यात की जा रही 40 मेगावाट बिजली की मौजूदा सीमा बढ़ाने के लिए भी पहल करेगी। बांग्लादेश नेपाल से और अधिक बिजली खरीदने का इच्छुक है। ऐसे में प्रधानमंत्री बालेन शाह की भारत यात्रा के दौरान इस विषय पर भी चर्चा होगी। चूंकि नेपाल से बांग्लादेश तक बिजली का निर्यात भारतीय ट्रांसमिशन लाइन के माध्यम से होता है, इसलिए इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में भारत की भूमिका महत्वपूर्ण है।

ऊर्जा मंत्रालय इस बार प्रधानमंत्री की भारत यात्रा के दौरान नए समझौतों की बजाय पहले से हो चुके समझौतों को कार्यान्वयन के चरण तक पहुंचाने पर अधिक जोर दे रहा है। मंत्रालय का मानना है कि लंबे समय से परियोजना विकास समझौते (पीडीए) हो चुके और लाइसेंस जारी किए जा चुके भारत की भागीदारी वाली जलविद्युत परियोजनाओं को अब आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

ऊर्जा मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि पंचेश्वर परियोजना, अरुण और फुकोट कर्णाली जैसी जलविद्युत परियोजनाएं वर्षों से अटकी हुई हैं। सरकार चाहती है कि इन परियोजनाओं को बिना और देरी किए कार्यान्वयन के चरण में ले जाया जाए।

इस बीच, लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना के निर्माण के लिए आवश्यक जमीन अधिग्रहण का मुद्दा भी भारत की ओर से उठाया गया है।

खासतौर पर निजी जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए भारत नेपाल सरकार का सहयोग और सहजीकरण चाहता है। भारतीय निवेश से बन रही जलविद्युत परियोजनाओं के लिए ट्रांसमिशन लाइन निर्माण और परियोजना स्थल के लिए जमीन उपलब्ध कराना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।

फुकोट कर्णाली जलविद्युत परियोजना को आगे बढ़ाने में भारत ने विशेष रुचि दिखाई है। नेपाल की विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं में से भारत इस परियोजना के निर्माण और कार्यान्वयन को लेकर विशेष दिलचस्पी रख रहा है।

प्रधानमंत्री बालेन शाह की प्रस्तावित भारत यात्रा के दौरान इन सभी मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…