Live VNS

सर्बिया में नौकरी का झांसा देकर दिल्ली के होटल में 45 दिन तक बंधक बनाकर रखे गए नेपाल के तीन नागरिकों को मुक्त कराया गया

सर्बिया में नौकरी का झांसा देकर दिल्ली के होटल में 45 दिन तक बंधक बनाकर रखे गए नेपाल के तीन नागरिकों को मुक्त कराया गया

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली/काठमांडू, 24 नवंबर (हि.स.)। विदेश में अच्छी नौकरी और बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर सर्बिया भेजने के बहाने दिल्ली लाकर नेपाल के तीन नागरिकों को करीब 45 दिन तक एक होटल के कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। नेपाल पुलिस, नेपाली दूतावास, दिल्ली पुलिस और एक सामाजिक संस्था के संयुक्त प्रयास से तीनों को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया।

सगरमाथा पर्वतारोही कल्पना महर्जन के अनुसार, तीनों नागरिकों को सर्बिया में रोजगार दिलाने का प्रलोभन देकर नई दिल्ली पहुंटाया गया । यहां उन्हें एक होटल के कमरे में बंधक बनाकर रखा गया । इसकी सूचना मिलने पर नेपाल पुलिस के मानव तस्करी जांच ब्यूरो, नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास, दिल्ली पुलिस और सामाजिक संस्था ‘किन इंडिया’ ने कार्रवाई शुरू की। संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय और संयुक्त प्रयास के बाद तीनों नेपाली नागरिकों को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया। शनिवार को मुक्त कराए गए इन तीनों को नेपाली दूतावास के सहयोग से मंगलवार सुबह काठमांडू पहुंचाया गया। वहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

सामाजिक संस्था ‘किन इंडिया’ के निदेशक नवीन जोशी के अनुसार, एक अवैध मानव तस्करी गिरोह ने तीनों नेपाली नागरिकों को विदेश में रोजगार दिलाने का आश्वासन देकर दिल्ली पहुंचाया। उन्हें सर्बिया भेजने का प्रलोभन दिया गया और दिल्ली के एक होटल में बंधक बनाकर रखा गया।

जोशी ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद संबंधित सरकारी और सुरक्षा एजेंसियों से तत्काल संपर्क कर तीनों की सुरक्षित रिहाई के लिए पहल की गई। उन्होंने कहा कि विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर नेपाली नागरिकों को शोषण और मानव तस्करी के जोखिम में डालने वाली ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेने की जरूरत है। इस तरह के मामलों को रोकने के लिए सरकारी निकायों को अधिक सतर्क और जिम्मेदार होना होगा।

इस घटना ने एक बार फिर विदेश में रोजगार के नाम पर नेपाली नागरिकों को निशाना बनाने वाले मानव तस्करी गिरोहों के खतरे को उजागर किया है। नेपाल की सरकारी समाचार एजेंसी ने आधिकारिक रूप से तीनों के काठमांडू पहुंचने की खबर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…