यरुशलम की कोर्ट के रुख से नेतान्याहू के बेदाग होने की उम्मीद बढ़ी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
यरुशलम, 26 नवबर (हि.स.)। इजराइल के कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के लिए यरुशलम जिला अदालत का रुख राहत देने वाला है। अदालत ने बुधवार को रिश्वत लेने और अन्य आरोपों के मुकदमे की सुनवाई के दौरान कहा कि अभियोजन के लिए यह साबित करना बहुत मुश्किल होगा। अभियोजन को सलाह है कि वह नेतन्याहू से समझौता कर ले। अदालत की इस टिप्पणी के तत्काल बाद नेतन्याहू ने मुकदमे को खत्म करने की मांग की। कार्यवाहक प्रधानमंत्री ने गुस्से भरे भाषण में कहा कि भ्रष्टाचार के मुकदमे ने उनके परिवार और स्टाफ की जिंदगी 'बर्बाद' कर दी है। उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे उन्हें काम करने से रोकना चाहते हैं। उनसे अपील की कि विपक्ष उनके साथ मिलकर गठबंधन सरकार बना ले।
द टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के अनुसार तीन जजों की टिप्पणी आने के फौरन बाद नेतन्याहू ने शाम को यरुशलम में नेसेट (इजराइली संसद) से टीवी पर बयान दिया। इससे पहले उनके भ्रष्टाचार के मुकदमे की सुनवाई कर रहे जजों ने उन पर लगे सबसे गंभीर आरोपों पर संदेह जताया और अभियोजकों को समझौता करने की सलाह दी। जिला अदालत की सलाह के बाद नेतन्याहू ने बयान में दावा किया कि सत्ता से हटाने की इस अलोकतांत्रिक कोशिश ने उनके परिवार और देश के 10 साल बर्बाद कर दिए हैं।
उन्होंने संबोधन की शुरुआत में कहा, आज यह मुकदमा बिखर गया है। दस साल पहले मैंने कहा था कि कुछ भी नहीं निकलेगा, क्योंकि कुछ था ही नहीं। इस सच्चाई को सबके सामने आने में 10 साल लग गए। उन्होंने कहा कि यह मुकदमा तुरंत खत्म होना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि जजों ने यह भी संकेत दिया कि एक अन्य मामले में शायद कोई अपराध हुआ ही नहीं है। मुकदमा शुरू होने के छह साल से भी अधिक समय बाद आया यह बयान अभियोजन पक्ष के लिए एक बड़ा झटका है। जजों की टिप्पणी को नेतन्याहू और उनके सहयोगियों ने अपनी बेगुनाही साबित होने के रूप में देखा है।
नेतन्याहू पर तीन मामलों में धोखाधड़ी, विश्वासघात और रिश्वत का आरोप है। उन्होंने हमेशा इससे इनकार किया। इस साल की शुरुआत में उन्होंने अदालत से बिना कोई अपराध स्वीकार किए औपचारिक रूप से माफी की मांग की थी। अपने संबोधन में इजराइल की अगली सरकार के गठन को लेकर चल रही बातचीत का जिक्र करते हुए कार्यवाहक प्रधानमंत्री ने विरोधियों से अपील की कि वे उनके साथ मिलकर एक गठबंधन सरकार बनाने के लिए आगे आएं।
कार्यवाहक प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने भाषण के अंत में कहा, बहिष्कार को इसी वक्त खत्म होना चाहिए। मुझे पता है कि इजराइल के सामने कितने बड़े और तात्कालिक खतरे हैं। इनसे निपटने का केवल एक ही तरीका है— एकजुट होना। इजराइल के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए हमें एक क्षण भी गंवाए एकजुट होना होगा। नेतन्याहू पर आरोप तय होने की प्रक्रिया एक दशक से भी पहले शुरू हुई थी।
नेतन्याहू का मानना है कि उसके बाद के साल उनके परिवार और करीबी सहयोगियों के लिए बेहद कठिन और उत्पीड़न भरे रहे। उन्होंने दावा किया कि उनके बेटे यरुशलम में शांति से सार्वजनिक जीवन नहीं जी सके। उन्होंने कहा, मेरे, मेरी पत्नी और मेरे बेटों के लिए ये 10 साल भयानक पीड़ा के रहे हैं। बेतुकी पूछताछ, चरित्र हनन और आत्मा को गहरी चोट पहुंचाने वाले उकसावे के वर्ष। हमारे वे 10 साल हमें कौन वापस देगा?
उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक सहयोगियों को जबरन पूछताछ के लिए ले जाया गया, जहां उन्हें ब्लैकमेल करके आपराधिक काम करने के लिए मजबूर किया गया और अपमानित किया गया। कई लोगों की जिंदगी बरबाद हो गई, सिर्फ इसलिए ताकि वे मेरे खिलाफ झूठी गवाही दे सकें। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि दशकों तक सार्वजनिक पदों पर रहने के बावजूद उन्हें इजराइल का प्रधानमंत्री नहीं कहा गया। इसके बजाय, उन्होंने कहा, मैं प्रतिवादी नंबर 1' बना रहा।
नेतन्याहू ने विरोधियों की आलोचना करते हुए कहा कि वे 'ईरान और उत्तर कोरिया' जैसी सरकारों की तरह बर्ताव कर रहे हैं। नेतन्याहू ने खुलासा किया कि विरोधियों की मिलीभगत से संसद ने एक विधेयक को आगे बढ़ाया, जो आपराधिक आरोपों का सामना कर रहे सांसदों को सरकार बनाने से रोकेगा। उन्होंने कहा कि विरोधियों को उम्मीद थी कि अदालत का फैसला मेरे खिलाफ आएगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद