लंबे ब्रेक के बाद प्राइमरी मार्केट में होगी हलचल, 18 को लॉन्च होगा क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन का आईपीओ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। एग्रोकेमिकल्स और सीड्स सेक्टर की दिग्गज कंपनी क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड का 455.49 करोड़ रुपये का आईपीओ 18 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च किया जाएगा। कंपनी के इस आईपीओ में निवेशक 20 नवंबर तक बोली लगा सकते हैं। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 23 नवंबर को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा, जबकि 25 नवंबर को सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। इसी दिन जिन निवेशकों को शेयर का अलॉटमेंट नहीं हुआ होगा, उनके लिए रिफंड की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। कंपनी के शेयर 26 नवंबर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के मेनबोर्ड प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं।
इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 259 रुपये से लेकर 272 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 55 शेयर का है। रिटेल इंवेस्टर्स इस इश्यू में कम से कम एक लॉट यानी 55 शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं, जिसके लिए उन्हें 14,960 रुपये का निवेश करना होगा। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 1,67,54,274 शेयर जारी किए जा रहे हैं। इनमें 354.77 करोड़ रुपये के 1,30,51,580 नए शेयर जारी किए जा रहे हैं। इसके अलावा ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिए प्रमोटर अंकुर अग्रवाल द्वारा 100.71 करोड़ रुपये के 37,02,694 शेयरों की बिक्री की जा रही है। कंपनी के कर्मचारियों के लिए प्रति शेयर 25 रुपये का डिस्काउंट भी रखा गया है।
इस आईपीओ के नेट ऑफर में से क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए अधिकतम 50 प्रतिशत हिस्सा सुरक्षित रखा गया है। इसके अलावा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए कम से कम 35 प्रतिशत हिस्सा और नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए कम से कम 15 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व किया गया है। इस पूरे इश्यू के लिए आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड, डैम कैपिटल एडवाइजर्स लिमिटेड और मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स लिमिटेड को बुक रनिंग लीड मैनेजर बनाया गया है, जबकि एमयूएफजी इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।
इस आईपीओ में नए शेयरों की बिक्री से जुटाई गई रकम में से 247.94 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी अपने पुराने कर्ज को चुकाने के लिए करेगी। इसके अलावा 22.06 करोड़ रुपये का उपयोग अपनी सब्सिडियरी कंपनी सफायर क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड के बकाया कर्ज के भुगतान के लिए किया जाएगा। इसके बाद बची शेष राशि अधिग्रहण, रणनीतिक पहलों और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए उपयोग की जाएगी।
क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड की वित्तीय स्थिति की बात करें, तो सेबी के पास जमा किए गए रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) में दी गई जानकारी के अनुसार कंपनी की वित्तीय सेहत में पिछले वित्त वर्षों के दौरान शानदार सुधार हुआ है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 87.24 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ (प्रॉफिट आफ्टर टैक्स) हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 118.39 करोड़ रुपये हो गया और अगले वित्त वर्ष 2025-26 में 22 प्रतिशत की भारी बढ़त के साथ 144.91 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक कंपनी को 135.78 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका था।
इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में भी लगातार भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 2,271.71 करोड़ रुपये का कुल राजस्व (टोटल इनकम) प्राप्त हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 2,731.94 करोड़ रुपये हो गया और अगले वित्त वर्ष 2025-26 में 16 प्रतिशत की शानदार बढ़त के साथ 3,180.98 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक कंपनी को 1,209.21 करोड़ रुपये का कुल राजस्व प्राप्त हो चुका था।
इस अवधि में कंपनी के विस्तार के साथ उस पर लदे कर्ज के बोझ में भी उतार-चढ़ाव होता रहा। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी पर कुल 577.29 करोड़ रुपये का कर्ज था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 947.02 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि, अगले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने अपने कर्ज को कम किया और यह घट कर 820.04 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक कंपनी का कुल कर्ज 952.02 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
कंपनी की कुल संपत्ति (टोटल एसेट्स) में भी इस दौरान मजबूती बनी रही। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी की कुल संपत्ति 2,541.92 करोड़ रुपये के स्तर पर थी, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 3,538.43 करोड़ रुपये हो गई और वित्त वर्ष 2025-26 में और बढ़त के साथ 3,927.24 करोड़ रुपये हो गई। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के अंत यानी 30 जून 2026 तक कंपनी की कुल संपत्ति 4,498.27 करोड़ रुपये दर्ज की गई।
रिजर्व और सरप्लस की बात करें, तो कंपनी ने इस मोर्चे पर भी लगातार मजबूती हासिल की है। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 1,197.23 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 1,296.90 करोड़ रुपये हो गया और अगले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत में 1,386.12 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक यह और बढ़ कर 1,524.85 करोड़ रुपये हो चुका था।
इस अवधि में कंपनी के नेटवर्थ में भी लगातार बड़ा इजाफा दर्ज किया गया। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 के अंत में कंपनी का नेटवर्थ 1,488.39 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़ कर 1,600.10 करोड़ रुपये हो गया। इसी तरह पिछले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत यानी 31 मार्च 2026 तक कंपनी का नेटवर्थ 2,039.76 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
इसी तरह कंपनी का ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन) वित्त वर्ष 2023-24 में 209.06 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 315.28 करोड़ रुपये हो गया और वित्त वर्ष 2025-26 में और बढ़ कर 456.23 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के अंत यानी 30 जून 2026 तक कंपनी का ईबीआईटीडीए 241.78 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
वर्ष 1994 में स्थापित क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड एक प्रमुख क्रॉप सॉल्यूशंस कंपनी है, जो एग्रोकेमिकल्स और बीजों के निर्माण व वितरण का काम करती है। इसके उत्पादों में हर्बिसाइड्स, फंगीसाइड्स, इंसेक्टिसाइड्स के साथ-साथ बायो-स्टिमुलेंट्स, प्लांट ग्रोथ रेगुलेटर्स और हाइब्रिड बीज शामिल हैं। कंपनी के पास 275 से अधिक हाइब्रिड बीजों का पोर्टफोलियो है और देश के 23 राज्यों तथा चार केंद्र शासित प्रदेशों में 14,717 से अधिक वितरकों का मजबूत नेटवर्क मौजूद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक