Live VNS

मातंगी रबर का आईपीओ 01 दिसंबर को खुलेगा, प्राइस बैंड 163 से 172 रुपये तय

मातंगी रबर का आईपीओ 01 दिसंबर को खुलेगा, प्राइस बैंड 163 से 172 रुपये तय

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। टायर और रबर प्रोडक्ट्स का उत्पादन करने वाली कंपनी मातंगी रबर लिमिटेड का 125.16 करोड़ रुपये का आईपीओ 01 दिसंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च किया जाएगा। कंपनी के इस आईपीओ में निवेशक 03 दिसंबर तक बोली लगा सकते हैं। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 04 दिसंबर को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा, जबकि 07 दिसंबर को सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। इसी दिन जिन निवेशकों को शेयर का अलॉटमेंट नहीं हुआ होगा, उनके लिए रिफंड की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। कंपनी के शेयर 08 दिसंबर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के मेनबोर्ड प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं।

इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 163 रुपये से लेकर 172 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 87 शेयर का है। इस आईपीओ में रिटेल इनवेस्टर्स को कम-से-कम एक लॉट यानी 87 शेयरों के लिए बोली लगाना होगा, जिसके लिए उन्हें 14,964 रुपये का निवेश करना होगा। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 72,76,981 शेयर जारी हो रहे हैं। इनमें 99.10 करोड़ रुपये के 57,61,831 नए शेयर (फ्रेश इश्यू) शामिल हैं, जबकि 26.06 करोड़ रुपये के 15,15,150 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिए बेचे जा रहे हैं।

इस आईपीओ में नए शेयरों की बिक्री से जुटाई गई रकम में से 45 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी पुराने बकाया कर्ज को आंशिक या पूरी तरह चुकाने के लिए करेगी। इसके अलावा मध्य प्रदेश के भिंड में रबर रीसाइक्लिंग प्रोडक्ट्स की ग्रीनफील्ड मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने पर 19.06 करोड़ रुपये और सॉलिड टायर्स के उत्पादन के लिए ग्रीनफील्ड यूनिट लगाने पर 8.44 करोड़ रुपये का कैपिटल एक्सपेंडिचर किया जाएगा। इसके बाद बची शेष राशि सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए उपयोग की जाएगी।

इस आईपीओ के नेट ऑफर में से क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए अधिकतम 50 प्रतिशत हिस्सा सुरक्षित रखा गया है। इसके अलावा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए कम-से-कम 35 प्रतिशत हिस्सा और नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए कम से कम 15 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व किया गया है। इस पूरे इश्यू के लिए सारथी कैपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड को बुक रनिंग लीड मैनेजर बनाया गया है, जबकि बिगशेयर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।

मातंगी रबर लिमिटेड की वित्तीय स्थिति की बात करें तो कंपनी द्वारा दाखिल किए गए रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) में दी गई जानकारी के अनुसार कंपनी की वित्तीय स्थिति लगातार मजबूत हुई है। इसके शुद्ध लाभ में लगातार जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 4.81 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ (प्रॉफिट आफ्टर टैक्स) हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में चार गुना से भी ज्यादा उछल कर 20.03 करोड़ रुपये रहा। इसके अगले वित्त वर्ष 2025-26 में शुद्ध लाभ 11 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22.33 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक कंपनी को 6.42 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका था।

इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में भी निरंतर तेजी बनी रही। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 91.26 करोड़ रुपये का कुल राजस्व (टोटल इनकम) प्राप्त हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 106.30 करोड़ रुपये रहा और अगले वित्त वर्ष 2025-26 में 24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 132.22 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक कंपनी को 47.93 करोड़ रुपये का कुल राजस्व प्राप्त हो चुका था।

इस अवधि में कंपनी के कारोबार विस्तार के साथ इसके कर्ज में भी बढ़ोतरी देखने को मिली। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी पर कुल 61.86 करोड़ रुपये का कर्ज था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 93.68 करोड़ रुपये हो गया और अगले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत में 108.91 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक कंपनी का कुल कर्ज मामूली घट कर 106.98 करोड़ रुपये रह गया था।

कंपनी की कुल संपत्ति (टोटल एसेट्स) में भी इस दौरान लगातार बढ़ोतरी बनी रही। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी की कुल संपत्ति 120.12 करोड़ रुपये के स्तर पर थी, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 206.11 करोड़ रुपये हो गई और वित्त वर्ष 2025-26 में और बढ़त के साथ 276.89 करोड़ रुपये हो गई। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के अंत यानी 30 जून 2026 तक कंपनी की कुल संपत्ति 289.23 करोड़ रुपये दर्ज की गई।

रिजर्व और सरप्लस की बात करें तो कंपनी ने इस मोर्चे पर भी लगातार मजबूती हासिल की है। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 37.48 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 81.73 करोड़ रुपये हो गया और अगले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत में 116.32 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक यह 111.27 करोड़ रुपये के स्तर पर दर्ज किया गया।

इस अवधि में कंपनी के नेटवर्थ में भी लगातार बड़ा इजाफा दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी का नेटवर्थ 40.20 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में दोगुने से भी ज्यादा बढ़ कर 85.16 करोड़ रुपये हो गया और वित्त वर्ष 2025-26 में उछल कर 127.75 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के अंत यानी 30 जून 2026 तक कंपनी का नेटवर्थ और बढ़ कर 134.12 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

इसी तरह कंपनी का ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन) वित्त वर्ष 2023-24 में 10.38 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में तीन गुना बढ़ कर 30.89 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसके अगले वित्त वर्ष 2025-26 में यह और बढ़ कर 35.06 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के अंत यानी 30 जून 2026 तक कंपनी का ईबीआईटीडीए 10.71 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

जून 2004 में स्थापित नई दिल्ली मुख्यालय वाली मातंगी रबर लिमिटेड मुख्य रूप से टायर, टायर फ्लैप, टायर ट्यूब और रबर कंपाउंड के निर्माण का काम करती है। कंपनी दोपहिया और तिपहिया वाहनों के टायर बनाने के साथ-साथ ट्रक, बस और भारी कमर्शियल वाहनों में इस्तेमाल होने वाले टायर फ्लैप और ट्यूब का उत्पादन करती है। कंपनी उत्तराखंड के देहरादून (सेलाकुई), मध्य प्रदेश के भिंड (ग्वालियर) और तमिलनाडु के चेन्नई (गुम्मिडिपूंडी) में कुल पांच मैन्युफैक्चरिंग प्लांट्स का संचालन करती है। कंपनी अपने खुद के ब्रांड के तहत बिक्री करने के अलावा जेके टायर जैसी दिग्गज कंपनी के लिए कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग और जॉब वर्क सेवाएं भी प्रदान करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…