मोनोमार्क इंजीनियरिंग का आईपीओ 02 दिसंबर को खुलेगा, 2.70 करोड़ नए शेयर होंगे जारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। इंडस्ट्रियल ऑपरेशंस एंड मेंटेनेंस (ओएंडएम) और मेटल फैब्रिकेशन सेक्टर की कंपनी मोनोमार्क इंजीनियरिंग (इंडिया) लिमिटेड का आईपीओ 02 दिसंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च किया जाएगा। कंपनी के इस आईपीओ में निवेशक 04 दिसंबर तक बोली लगा सकते हैं। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 07 दिसंबर को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा, जबकि 08 दिसंबर को सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। इसी दिन जिन निवेशकों को शेयर का अलॉटमेंट नहीं हुआ होगा, उनके लिए रिफंड की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। कंपनी के शेयर 09 दिसंबर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के मेनबोर्ड प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं।
इस बुक बिल्डिंग आईपीओ के लिए कंपनी द्वारा अभी प्राइस बैंड और लॉट साइज की घोषणा नहीं की गई है। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 2,70,00,000 नए शेयर (फ्रेश इश्यू) जारी किए जा रहे हैं। इसमें ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिए प्रमोटर्स द्वारा कोई बिकवाली नहीं की जा रही है। इस आईपीओ में नए शेयरों की बिक्री से जुटाई गई रकम में से 120 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी अपनी बढ़ती वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी। इसके बाद बची शेष राशि सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए उपयोग की जाएगी।
इस आईपीओ के कुल साइज में से क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए अधिकतम 50 प्रतिशत हिस्सा सुरक्षित रखा गया है। इसके अलावा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए कम-से-कम 35 प्रतिशत हिस्सा और नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए कम-से-कम 15 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व किया गया है। इस पूरे इश्यू के लिए होलानी कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड को बुक रनिंग लीड मैनेजर बनाया गया है, जबकि बिगशेयर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।
मोनोमार्क इंजीनियरिंग (इंडिया) लिमिटेड की वित्तीय स्थिति की बात करें तो कंपनी द्वारा दाखिल किए गए रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) में दी गई जानकारी के अनुसार कंपनी की वित्तीय स्थिति लगातार मजबूत हुई है। इसके शुद्ध लाभ में लगातार जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 14.83 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ (प्रॉफिट आफ्टर टैक्स) हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 18.21 करोड़ रुपये रहा। इसके अगले वित्त वर्ष 2025-26 में शुद्ध लाभ 42 प्रतिशत की छलांग के साथ 25.90 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक कंपनी को 3.02 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका था।
इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में भी निरंतर तेजी बनी रही। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 392.14 करोड़ रुपये का कुल राजस्व (टोटल इनकम) प्राप्त हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 477.29 करोड़ रुपये रहा और अगले वित्त वर्ष 2025-26 में 18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 564.74 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक कंपनी को 142.82 करोड़ रुपये का कुल राजस्व प्राप्त हो चुका था।
इस अवधि में कंपनी के कारोबार विस्तार के साथ इसके कर्ज में भी बढ़ोतरी देखने को मिली। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी पर कुल 80.16 करोड़ रुपये का कर्ज था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 84.77 करोड़ रुपये हो गया और अगले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत में 87.34 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी 30 जून 2026 तक कंपनी का कुल कर्ज 92.12 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
कंपनी की कुल संपत्ति (टोटल एसेट्स) में भी इस दौरान लगातार बढ़ोतरी बनी रही। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी की कुल संपत्ति 240.81 करोड़ रुपये के स्तर पर थी, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 293.52 करोड़ रुपये हो गई और वित्त वर्ष 2025-26 में और बढ़त के साथ 342.19 करोड़ रुपये हो गई। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के अंत यानी 30 जून 2026 तक कंपनी की कुल संपत्ति 349.30 करोड़ रुपये दर्ज की गई।
इस अवधि में कंपनी के नेटवर्थ में भी लगातार बड़ा इजाफा दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी का नेटवर्थ 60.11 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 73.26 करोड़ रुपये हो गया और वित्त वर्ष 2025-26 में उछल कर 116.74 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के अंत यानी 30 जून 2026 तक कंपनी का नेटवर्थ और बढ़ कर 119.32 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
इसी तरह कंपनी का ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन) वित्त वर्ष 2023-24 में 31.89 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 39.26 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसके अगले वित्त वर्ष 2025-26 में यह और बढ़ कर 48.74 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के अंत यानी 30 जून 2026 तक कंपनी का ईबीआईटीडीए 7.70 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
सितंबर 2005 में स्थापित राजस्थान के चित्तौड़गढ़ स्थित मोनोमार्क इंजीनियरिंग (इंडिया) लिमिटेड मुख्य रूप से इंडस्ट्रियल ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस (ओएंडएम), मेटल फैब्रिकेशन और इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट एग्जीक्यूशन सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी मेटल, सीमेंट, पोर्ट्स और इंजीनियरिंग सेक्टर की दिग्गज कंपनियों जैसे वेदांता ग्रुप, अदाणी ग्रुप, आदित्य बिड़ला ग्रुप, एलएंडटी, टाटा ग्रुप, जेके लक्ष्मी सीमेंट और श्री सीमेंट को अपनी सेवाएं देती है। भारत के सात राज्यों में परिचालन के अलावा कंपनी की संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में भी एक विदेशी सहायक कंपनी मौजूद है। 30 सितंबर 2026 तक कंपनी के पास 28 चालू प्रोजेक्ट्स और लगभग 1,761.92 करोड़ रुपये (1,76,192.16 लाख रुपये) की मजबूत ऑर्डर बुक थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक