कोरबा के मुड़ाली में खुला नया धान उपार्जन केंद्र, किसानों को अखरापाली जाने से मिली मुक्ति

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
धान बेचने के लिए अब नहीं तय करनी होगी लंबी दूरी, समय और परिवहन खर्च की होगी बचत; किसान मदन सिंह मरकाम ने जताया मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार
कोरबा, 20 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 से कोरबा जिले में 8 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इन केंद्रों के प्रारंभ होने से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को अपने गांव या नजदीकी क्षेत्र में ही धान बेचने की सुविधा मिल रही है। इससे किसानों को लंबी दूरी तय करने, परिवहन पर अतिरिक्त खर्च उठाने और समय गंवाने से राहत मिलेगी।
इस पहल का लाभ कोरबा जिले के ग्राम मुड़ाली के किसानों को भी मिल रहा है। गांव में नया धान उपार्जन केंद्र शुरू होने से अब किसानों को धान बेचने के लिए अखरापाली जाने की मजबूरी नहीं रहेगी। वे अपने गांव के नजदीक ही अपनी उपज का विक्रय कर सकेंगे।
ग्राम मुड़ाली निवासी किसान मदन सिंह मरकाम ने बताया कि पहले उन्हें धान बेचने के लिए अखरापाली उपार्जन केंद्र जाना पड़ता था। गांव से केंद्र की दूरी अधिक होने के कारण धान परिवहन में अतिरिक्त समय, मेहनत और पैसा खर्च करना पड़ता था। इसके चलते खेती-किसानी के दूसरे कार्य भी प्रभावित होते थे।
उन्होंने बताया कि अब मुड़ाली में ही धान उपार्जन केंद्र शुरू होने से बड़ी राहत मिली है। नजदीक में ही धान बेचने की सुविधा मिलने से परिवहन खर्च कम होगा और समय की भी बचत होगी। इससे किसानों के लिए धान विक्रय की प्रक्रिया पहले से अधिक आसान हो जाएगी।
किसान मदन सिंह मरकाम ने गांव में ही धान उपार्जन केंद्र शुरू करने की पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से गांव और आसपास के किसानों को काफी सहूलियत मिलेगी।
कोरबा जिले में 8 नए धान उपार्जन केंद्रों की शुरुआत किसानों को उनकी उपज बेचने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल किसानों का समय और परिवहन खर्च बचेगा, बल्कि उन्हें धान विक्रय के लिए दूर-दराज के केंद्रों पर निर्भर भी नहीं रहना पड़ेगा।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी