Live VNS

न्यू सांगानेर रोड पर कार्रवाई से पहले पट्टों की होगी जांच, मंत्री खर्रा ने जेडीए से मांगी रिपोर्ट

न्यू सांगानेर रोड पर कार्रवाई से पहले पट्टों की होगी जांच, मंत्री खर्रा ने जेडीए से मांगी रिपोर्ट

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जयपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। न्यू सांगानेर रोड चौड़ीकरण मामले में अब कार्रवाई से पहले प्रभावित निर्माणकर्ताओं के दस्तावेज की जांच की जाएगी। जयपुर विकास प्राधिकरण की ओर से सडक़ चौड़ीकरण की जद में आ रहे शेष निर्माणकर्ताओं के पट्टों और अन्य दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद ही यह तय होगा कि किन निर्माणों को अवैध अतिक्रमण मानकर कार्रवाई के दायरे में लिया जाना है। इस मामले में व्यापारियों और स्थानीय लोगों की नाराजगी के बीच यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने मंगलवार को जेडीए और नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे मामले की जानकारी ली।

मंत्री खर्रा के जयपुर स्थित आवास पर बैठक में जेडीए सचिव गौरव सैनी सहित नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सडक़ चौड़ीकरण के लिए किए गए डिमार्केशन, सडक़ के प्रस्तावित अलाइनमेंट और प्रभावित मकानों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की स्थिति पर चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों से अब तक की कार्रवाई और प्रभावित लोगों की ओर से सामने रखी गई आपत्तियों की जानकारी ली।

मंत्री खर्रा ने जेडीए सचिव और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों की ओर से दिए गए प्रतिवेदन, ज्ञापन और अन्य दस्तावेजों का गंभीरता से अध्ययन किया जाए। जिन निर्माणकर्ताओं के दस्तावेजों की जांच अभी बाकी है, उनके पट्टों और संबंधित रिकॉर्ड का परीक्षण कर पूरी स्थिति स्पष्ट की जाए। अधिकारियों को आपसी समन्वय से सभी तथ्यों को शामिल करते हुए रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

न्यू सांगानेर रोड चौड़ीकरण को लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों की मुख्य आपत्ति जेडीए और नगर निगम के पट्टेधारी मकानों पर किए गए डिमार्केशन तथा सडक़ के प्रस्तावित अलाइनमेंट को लेकर है। प्रभावित लोगों का कहना है कि पट्टे और अन्य दस्तावेज होने के बावजूद उनके निर्माणों को चौड़ीकरण की जद में लिया जा रहा है। इसी को लेकर व्यापारियों ने अपनी आपत्तियां और मांगें प्रशासन के सामने रखी हैं।

व्यापारियों की मांग है कि कार्रवाई से पहले सभी दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच हो और सडक़ की सीमा और अलाइनमेंट को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाए। उनका कहना है कि वैध पट्टों और निर्माणों से जुड़े मामलों का निस्तारण किए बिना कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…