कैंची धाम में सप्ताहांत पर दो दिन के लिये नयी यातायात योजना जारी, भारी वाहनों और टैक्सियों पर प्रतिबंध

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नैनीताल, 27 नवंबर (हि.स.)। कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में 28 एवं 29 नवंबर को सप्ताहांत के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष यातायात योजना लागू की है। इसके तहत भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही बसों एवं चौपहिया वाहनों के लिए मार्ग परिवर्तन और कैंची धाम आने वाले पर्यटकों के लिए पार्किंग एवं शटल सेवा की व्यवस्था की गई है।
यातायात योजना के अनुसार दोनों दिन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोका जाएगा। वहीं बसों एवं चौपहिया वाहनों के लिए सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक मार्ग परिवर्तन लागू रहेगा।
अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए जाएंगे। जबकि हल्द्वानी, काठगोदाम एवं मैदानी क्षेत्रों से इन पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धानाचूली बैंड होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। जबकि काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड से मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग की ओर भेजा जाएगा।
इधर कैंची धाम आने वाले निजी वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है। भीमताल की ओर से आने वाले पर्यटकों को अपने वाहन विकास भवन पार्किंग, भीमताल में खड़े करने होंगे। यहां से स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर पहुंच सकेंगे। वहीं ज्योलीकोट-गेठिया-नैनीताल मार्ग से आने वाले निजी वाहन भवाली स्थित सैनिटोरियम पार्किंग में खड़े होंगे। यहां से भी मंदिर तक शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
भीमताल, नैनीताल एवं ज्योलीकोट की ओर से खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। वहीं भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वाले वाहनों के लिए नैनी बैंड प्रथम, सैनिटोरियम बाईपास मोटर मार्ग और शिप्रा पुल भवाली का मार्ग निर्धारित किया गया है।
अवकाश के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सियों एवं दोपहिया वाहनों सहित पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से निर्धारित मार्गों, पार्किंग स्थलों और शटल सेवा का ही उपयोग करने की अपील की गयी है, ताकि अनावश्यक जाम और असुविधा से बचा जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी