Live VNS

एयरगन साफ करते समय चली गोली, नवनिर्वाचित महिला सरपंच की मौत

एयरगन साफ करते समय चली गोली, नवनिर्वाचित महिला सरपंच की मौत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नागौर, 24 नवंबर (हि.स.)। टुंकलिया ग्राम पंचायत की नवनिर्वाचित महिला सरपंच शैलू राजपुरोहित (56) की मंगलवार को एयरगन के छर्रे लगने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार शैलू राजपुरोहित अपने घर पर एयरगन साफ कर रही थीं। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दबने से गोली चल गई और छर्रे उनके सीने में जा लगे। परिजन उन्हें उपचार के लिए जोधपुर लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना मेड़ता रोड-गोटन पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत टुंकलिया में दोपहर बाद हुई। घटना की सूचना मिलते ही गोटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को गोटन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शैलू राजपुरोहित हाल ही में हुए पंचायत चुनाव में टुंकलिया ग्राम पंचायत से सरपंच निर्वाचित हुई थीं। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुमन को 155 वोटों से हराया था। सुमन को 1073 वोट मिले थे। शैलू के दो बेटे हैं, जिनमें एक चिकित्सा क्षेत्र में है, जबकि दूसरा मावे का कारोबार करता है।

बताया गया कि शैलू राजपुरोहित के पड़ोस में मंगलवार को शादी समारोह चल रहा था।

एक ओर विवाह की खुशियां थीं, वहीं अचानक हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके घर और अस्पताल की ओर पहुंच गए।

घटना के बाद नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी शोक जताते हुए घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाए। उन्होंने स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर विवाद के दौरान शैलू कंवर को गोली मारकर हत्या करने की आशंका जताई। हालांकि, उन्होंने कहा कि घटना की वास्तविक परिस्थितियां पुलिस की निष्पक्ष जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।

गोटन थाना पुलिस के अनुसार फिलहाल प्रारंभिक जानकारी में एयरगन साफ करते समय अचानक गोली चलने की बात सामने आई है। मौत के वास्तविक कारण और घटना की पूरी परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम के बाद ही हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…