छठ पूजा के लिए बिहार में राष्ट्रीय राजमार्गों के रखरखाव एवं स्वच्छता पर एनएचएआई का विशेष ध्यान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
पटना, 12 नवंबर (हि.स.)। बिहार के प्रमुख लोकपर्व छठ पूजा के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग देश-विदेश से अपने घर लौटते हैं। इस दौरान राज्य के राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ जाती है।
इसे ध्यान में रखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा बिहार में राष्ट्रीय राजमार्गों के बेहतर रखरखाव, स्वच्छता एवं सुव्यवस्थित परिवेश सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं।
छठ पूजा के दौरान यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए राष्ट्रीय राजमार्गों के विभिन्न हिस्सों में साफ-सफाई, सड़क के किनारे उगी घास एवं झाड़ियों की कटाई, सड़क सुरक्षा अवरोधकों की पेंटिंग, पुलों की सफाई तथा अन्य आवश्यक रखरखाव संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्गों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के साथ-साथ सड़क अवसंरचना के नियमित रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
रखरखाव कार्यों के अंतर्गत सड़क के किनारे एवं मार्ग के दोनों ओर स्थित खाली हिस्सों में उगी अनावश्यक घास और झाड़ियों की कटाई की जा रही है, ताकि सड़क किनारे का क्षेत्र साफ-सुथरा बना रहे। वहीं, सड़क किनारे स्थापित कंक्रीट के सुरक्षा अवरोधकों की पेंटिंग की जा रही है, जिससे उनका दृश्य स्वरूप बेहतर हो सके। इसके अतिरिक्त, पुलों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों की सफाई कर उन्हें स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया जा रहा है। ये सभी गतिविधियाँ राष्ट्रीय राजमार्गों के नियमित रखरखाव का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
इन कार्यों के माध्यम से न केवल राष्ट्रीय राजमार्गों का परिवेश बेहतर बनाया जा रहा है, बल्कि यात्रियों को यात्रा के दौरान स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित मार्ग उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जा रहा है। विशेष रूप से त्योहार के अवसर पर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों के लिए सड़क किनारे स्वच्छता, सुव्यवस्थित परिवेश एवं बेहतर रखरखाव महत्वपूर्ण है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा बिहार में राष्ट्रीय राजमार्गों के रखरखाव से संबंधित इन गतिविधियों को लगातार संचालित किया जा रहा है। प्राधिकरण का प्रयास है कि छठ पूजा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों से आवागमन करने वाले यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिले और वे सुविधाजनक ढंग से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त