Live VNS

सड़क उपयोगकर्ताओं से दुर्व्यवहार पर बिजवासन टोल एजेंसी पर कार्रवाई, एक महीने के लिए प्रतिबंधित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 11 नवंबर (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सड़क उपयोगकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार के मामले में बिजवासन टोल प्लाजा की शुल्क वसूली एजेंसी मेसर्स रिद्धि सिद्धि एसोसिएट्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे एक महीने के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। प्राधिकरण ने एजेंसी पर 15 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बुधवार को जारी एक बयान में बताया कि यह कार्रवाई पांच नवंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग-248बीबी पर स्थित बिजवासन शुल्क प्लाजा पर एजेंसी के कर्मचारियों द्वारा सड़क उपयोगकर्ताओं के साथ किए गए दुर्व्यवहार के कारण की गई है।

एनएचएआई ने इस मामले में एजेंसी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। इसमें एजेंसी और उसके मालिकों एवं निदेशकों को एक साल के लिए प्राधिकरण के भविष्य के टेंडरों में भाग लेने से प्रतिबंधित करने का प्रस्ताव दिया गया है।

प्राधिकरण ने एजेंसी को निर्देश दिया है कि वह 14 नवंबर को शुल्क प्लाजा का कार्यभार नई एजेंसी को सौंप दे।

एनएचएआई के अनुसार, अनुबंध की शर्तों के तहत शुल्क वसूली एजेंसी की जिम्मेदारी है कि टोल प्लाजा पर तैनात उसके कर्मचारी उचित आचरण, अनुशासन और व्यवहार बनाए रखें। पांच नवंबर की घटना से स्पष्ट हुआ कि एजेंसी अपने कर्मचारियों की निगरानी करने और अनुबंध की शर्तों का पालन सुनिश्चित करने में विफल रही।

प्राधिकरण ने राष्ट्रीय राजमार्गों के सभी उपयोगकर्ताओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा है कि टोल प्लाजा पर किसी भी तरह के दुर्व्यवहार और अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…