एनआईएसए ने 134-ए के बकाया भुगतान को लेकर सरकार को घेरा
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
चंडीगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। नेशनल इंडिपेंडेंट स्कूल्स अलायंस (एनआईएसए) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. कुलभूषण शर्मा ने स्वयं पोषित विद्यालयों को 134-ए के तहत मिलने वाली राशि नहीं दिए जाने पर सरकार को घेरा है।
शर्मा ने बुधवार को चंडीगढ़ में जारी बयान में आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के स्वयं पोषित विद्यालय वर्ष 2015 से लगातार 134-ए, तीन वर्षों से शिक्षा के अधिकार अधिनियम और चिराग योजना के तहत गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा प्रदान करते आ रहे हैं, लेकिन विडंबना है कि लगभग 11 वर्षों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सरकार ने इन विद्यालयों की 134-ए बकाया राशि तथा तीन वर्षों से शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत पढ़ने वाले विद्यार्थियों का पूरा भुगतान नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार स्वयं अपने संवैधानिक एवं कानूनी दायित्वों का पालन नहीं कर रही। जिन विद्यालयों ने सरकार की नीति के अनुरूप हजारों बच्चों को शिक्षा दी, उन्हीं विद्यालयों के भुगतान को वर्षों से लंबित रखा गया है। आखिर इस देरी के लिए जिम्मेदार कौन है। विभाग में बैठे कुछ लोग निदेशक और शिक्षा मंत्री को भी गुमराह कर रहे हैं।
डॉ. शर्मा ने कहा कि लगातार आर्थिक दबाव के कारण अनेक विद्यालयों की वित्तीय स्थिति चरमरा रही है। उनके 134 ए, शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत जायज सरकारी भुगतान भी लंबित हैं। इसका सीधा असर विद्यालयों में उपलब्ध कराई जाने वाली शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ रहा है, जिसका नुकसान अंतत: प्रदेश के बच्चों को उठाना पड़ रहा है।
डॉ. कुलभूषण शर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं शिक्षा मंत्री से मांग की कि वे इस मामले का तत्काल संज्ञान लेकर स्वयं रुचि लें और पूरी रिपोर्ट मंगवाएं कि वर्ष 2015 से अब तक कितनी राशि लंबित है तथा भुगतान में देरी के लिए विभागीय अधिकारी जिम्मेदार हैं या सरकार के उच्च स्तर पर कोई निर्णय लंबित है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा