भारतीय वैज्ञानिकों ने खोजी यूरिया-डीएपी के विकल्प की नई राह, मानव मूत्र से बनेगा उर्वरक

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
एनआईटी राउरकेला ने विकसित की अनूठी तकनीक, मानव मूत्र से निकलेगा फॉस्फोरस
नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। शौचालयों और मूत्रालयों से निकलने वाला अपशिष्ट अब खेती के लिए कीमती संसाधन बन सकता है। एनआईटी राउरकेला के वैज्ञानिकों ने मानव मूत्र से फॉस्फोरस पुनर्प्राप्त कर उच्च गुणवत्ता वाला स्ट्रुवाइट उर्वरक तैयार करने की विद्युत रासायनिक तकनीक विकसित की है।
दरअसल, इस प्रक्रिया में बिजली और मैग्नीशियम इलेक्ट्रोड की मदद से मूत्र के पोषक तत्वों को ठोस उर्वरक में बदला जाता है। प्रयोगशाला परीक्षण में 5 लीटर के रिएक्टर से 98 प्रतिशत से अधिक फॉस्फोरस प्राप्त करने में सफलता मिली है। 35 लीटर की विस्तारित प्रणाली में भी पुनर्प्राप्ति दर 91 प्रतिशत से अधिक रही। यह खोज उर्वरक उत्पादन के लिए अपशिष्ट को संसाधन में बदलने और खेती को टिकाऊ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
रसायनों की जगह बिजली से तैयार होगा उर्वरक
आमतौर पर मूत्र से फॉस्फोरस निकालने के लिए रासायनिक अवक्षेपण विधि अपनाई जाती है। इसमें बाहरी मैग्नीशियम लवण और क्षारीय रसायन मिलाने पड़ते हैं। इससे प्रक्रिया महंगी होती है और रसायनों की खपत बढ़ती है। एनआईटी के वैज्ञानिकों ने इस समस्या का समाधान मैग्नीशियम इलेक्ट्रोड के इस्तेमाल से खोजा है। विद्युत प्रवाह के दौरान इलेक्ट्रोड धीरे-धीरे घुलते हैं और मैग्नीशियम आयन उत्पन्न करते हैं। ये आयन मूत्र में मौजूद फॉस्फेट के साथ प्रतिक्रिया करके स्ट्रुवाइट बनाते हैं। इस तरह अतिरिक्त रसायनों की आपूर्ति पर निर्भरता घट जाती है।
98 प्रतिशत तक फॉस्फोरस की पुनर्प्राप्ति
शोधकर्ताओं ने पांच और 35 लीटर क्षमता वाले दो रिएक्टरों में इस तकनीक का परीक्षण किया। इसके लिए पुरुषों के मूत्रालयों से एकत्रित मूत्र का उपयोग किया गया। छोटे रिएक्टर में फॉस्फोरस पुनर्प्राप्ति की दक्षता 98 प्रतिशत से अधिक और बड़े रिएक्टर में 91 प्रतिशत से अधिक रही। एक्स-रे विवर्तन और एफटीआईआर परीक्षणों से प्राप्त पदार्थ की शुद्ध स्ट्रुवाइट के रूप में पुष्टि हुई। तुलसी, लोबिया और भिंडी पर किए गए परीक्षणों में इस उर्वरक का प्रदर्शन बाजार में उपलब्ध एनपीके उर्वरकों के तुलनीय पाया गया।
इलेक्ट्रोड पर जमाव रोकने की तकनीक भी विकसित
इस प्रक्रिया में एक बड़ी चुनौती इलेक्ट्रोड की सतह पर गाद और अन्य पदार्थों का जमाव था। इससे बिजली का प्रवाह बाधित होने और रासायनिक प्रतिक्रिया की गति घटने का खतरा रहता है। शोध दल ने रिवर्स पोलराइजेशन तकनीक के जरिए इसका समाधान किया। इसमें विद्युत धारा की दिशा निश्चित अंतराल पर बदल दी जाती है, जिससे इलेक्ट्रोड पर जमा परत हटती रहती है और मैग्नीशियम का घुलना सुचारु बना रहता है।
500 लीटर के मॉडल में निवेश की संभावना
शोध के आर्थिक विश्लेषण में सामने आया कि 35 लीटर की प्रणाली से सिर्फ स्ट्रुवाइट तैयार करना अधिक परिचालन लागत के कारण व्यावसायिक रूप से लाभकारी नहीं है। इसके लिए अमोनियम सल्फेट जैसे अन्य पोषक तत्वों की पुनर्प्राप्ति को भी प्रक्रिया से जोड़ना जरूरी है। 500 लीटर क्षमता वाली पायलट प्रणाली के आकलन में 6.55 वर्ष की निवेश वापसी अवधि और 13 प्रतिशत की आंतरिक प्रतिफल दर दर्ज की गई। इससे बहु-पोषक तत्व पुनर्प्राप्ति के आधार पर तकनीक के बड़े स्तर पर इस्तेमाल की आर्थिक संभावनाएं सामने आई हैं।
अपशिष्ट से संसाधन बनाने की दिशा में बड़ा कदम
फॉस्फोरस पौधों की वृद्धि के लिए अनिवार्य पोषक तत्व है और नाइट्रोजन तथा पोटेशियम के साथ एनपीके उर्वरकों के तीन प्रमुख घटकों में शामिल है। इसके पारंपरिक उत्पादन में ऊर्जा और प्राकृतिक संसाधनों की बड़ी खपत होती है। ऐसे में मानव मूत्र से इसकी प्राप्ति उर्वरक संसाधनों के पुनर्चक्रण और अपशिष्ट प्रबंधन की नई राह खोल सकती है।
इस शोध के सह-लेखक प्रो. पी. बालासुब्रमणियन ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि मैग्नीशियम एनोड से प्रक्रिया के दौरान ही आवश्यक आयन उत्पन्न किए जा सकते हैं। इससे बाहरी रसायनों की आवश्यकता घटती है और अवक्षेपण पर बेहतर नियंत्रण मिलता है। उनका कहना है कि यह तकनीक कॉम्पैक्ट, मॉड्यूलर और विकेंद्रीकृत पोषक तत्व पुनर्प्राप्ति प्रणालियों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
अब खेतों में परीक्षण और तकनीकी विस्तार की तैयारी
जैव प्रौद्योगिकी एवं चिकित्सा अभियांत्रिकी विभाग के प्रो. पी. बालासुब्रमणियन, एसोसिएट प्रोफेसर सिवरमन जे., सहायक प्रोफेसर बिकाश चंद्र महाराज और शोधार्थी अलीशा जफ्फर इस शोध से जुड़े हैं। प्रतिष्ठित जर्नल जर्नल ऑफ वाटर प्रोसेस इंजीनियरिंग में प्रकाशित इस अध्ययन के अगले चरण में निरंतर प्रवाह वाली इलेक्ट्रोकोएगुलेशन प्रणाली, स्ट्रुवाइट उर्वरक के खेतों में परीक्षण और हरित हाइड्रोजन पुनर्प्राप्ति के लिए तकनीकी उन्नयन पर काम किया जाएगा। साथ ही, तकनीक के पर्यावरणीय प्रभावों का आकलन भी होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी