प्रधानमंत्री ने अंत्योदय, सामाजिक न्याय और जनकल्याण को धरातल पर उतारा : नितिन नवीन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
पटना, 26 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को पटना में संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने सत्ता के लिए संविधान का दुरुपयोग किया जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंत्योदय, सामाजिक न्याय और जनकल्याण को धरातल पर उतारा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मैं संविधान को तीन रूपों में देखता हूं। पहला, इसका शरीर, जिसमें 395 मूल अनुच्छेद और धाराएं हैं। दूसरा, इसकी आत्मा, जिसमें भारत की हजारों वर्ष पुरानी सभ्यता और संस्कृति के दर्शन होते हैं। तीसरा, इसके प्राण, यानी वे लोग, जो इसे लागू करते हैं, इसका पालन करते हैं और धरातल पर उतारते हैं। संविधान की मूल प्रति को प्रेम बिहारी नारायण रायजादा ने अपने हाथों से लिखा और शांति निकेतन के कला भवन में आचार्य नंदलाल बोस ने इसे चित्रित किया। मूल अधिकारों वाले भाग के शीर्ष पर लंका विजय के बाद अयोध्या लौटते प्रभु श्रीराम, मां सीता और लक्ष्मण जी का चित्र है। वहीं, नीति निर्देशक तत्वों वाले भाग में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा कुरुक्षेत्र में अर्जुन को गीता का उपदेश देते हुए चित्रित किया गया है।
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी 'मन की बात' में कहा था कि संविधान निर्माताओं को प्रभु श्रीराम के शासन से प्रेरणा मिली। इसी से 'देव से देश' और राम से राष्ट्र की कल्पना साकार हुई। संविधान के भाग 5 और 6 में भगवान बुद्ध और भगवान महावीर का उल्लेख है, जिनकी कर्मभूमि बिहार रही है। वहीं, अशोक चक्र पाटलिपुत्र के गौरवशाली इतिहास को दर्शाता है। 28 अगस्त 1947 को विभाजन के घावों के बीच सरदार वल्लभभाई पटेल ने दृढ़ता से कहा था कि हम एक राष्ट्र का निर्माण कर रहे हैं और उसकी नींव रख रहे हैं। वहीं, 24 जनवरी 1950 को डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने संविधान सभा में 'वंदे मातरम' को 'जन गण मन' के समान दर्जा देने की घोषणा की थी। हालांकि, उस भावना को पूरा सम्मान मिलने में 75 वर्ष लग गए। 15 अगस्त 2026 को जब लाल किले की प्राचीर से 'वंदे मातरम' का पूरा गीत गाया गया, तब प्रत्येक भारतवासी को गर्व हुआ कि संविधान की मूल भावना को सच्चा सम्मान मिला है।
उन्होंने कहा कि जिन वरिष्ठों की तपस्या से संविधान बना, सत्ता में आने के बाद कांग्रेस ने उसके साथ क्या किया, यह जानना आज आवश्यक है। कांग्रेस ने हमेशा अपने निहित स्वार्थ और निजी महत्वाकांक्षाओं को संविधान से ऊपर रखा। अनुच्छेद 356 (राष्ट्रपति शासन) के संबंध में 4 अगस्त 1949 को बाबा साहब ने आशा व्यक्त की थी कि यह एक मृत अक्षर बना रहेगा और कभी इसका उपयोग नहीं होगा। लेकिन कांग्रेस ने इसे विपक्षी दलों की राज्य सरकारों को कुचलने का हथियार बना लिया। 20 जून 1951 को पंजाब में पहली बार राष्ट्रपति शासन लगाने से लेकर 1959 में केरल की पहली निर्वाचित सरकार को बर्खास्त करने तक, कांग्रेस ने अपने पूरे कार्यकाल में 90 से अधिक बार चुनी हुई सरकारों को गिराया। अकेले इंदिरा गांधी के शासनकाल में 50 बार और 11 वर्षों में 39 बार इस शक्ति का राजनीतिक दुरुपयोग किया गया। आज अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सवाल उठाने वालों को याद रखना चाहिए कि सत्ता में आने के मात्र डेढ़ वर्ष बाद, 19 जून 1951 को जवाहरलाल नेहरू पहला संविधान संशोधन लेकर आए और अनुच्छेद 19(2) के माध्यम से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिबंधों का दायरा बढ़ाया। जब अदालतों ने अखबारों पर लगी रोक हटाई, तो सरकार ने संविधान ही बदल दिया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने इसका पुरजोर विरोध किया। आपातकाल के दौरान विचारों की अभिव्यक्ति करने वाली संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाने का काला इतिहास भी बिहार ने सबसे करीब से देखा है। आज केवल संविधान की प्रति लेकर घूमने से कांग्रेस के पूर्वजों के ये काले कारनामे खत्म नहीं हो जाएंगे। वर्तमान पीढ़ी को इनका जवाब देना ही होगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को भी कदम-कदम पर अपमानित किया। 1946 में बॉम्बे विधानसभा में बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस ने उन्हें संविधान सभा में नहीं भेजा। उस समय बंगाल के दलित नेता योगेंद्र नाथ मंडल ने उन्हें चुनकर संविधान सभा में भेजा।
इसके बाद भी कांग्रेस ने बाबा साहब को लगातार दो चुनावों में हराने का काम किया। वर्ष 1951 में कांग्रेस ने नारी अधिकारों से जुड़े हिंदू कोड बिल को भी रोक दिया। अपने अंतिम समय में भी बाबा साहब को वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। कांग्रेस हमेशा एक परिवार तक सीमित रही और उसने अपने ही वरिष्ठ नेताओं पी.वी. नरसिम्हा राव और प्रणब मुखर्जी तक को उचित सम्मान नहीं दिया। आज राहुल गांधी संविधान की प्रति लेकर घूमते हैं, लेकिन केवल प्रति लेकर घूमने से काम नहीं चलेगा। उन्हें संविधान को आत्मसात करना होगा और संविधान निर्माता के प्रति अपनी पार्टी के व्यवहार के लिए देश से माफी मांगनी होगी। हमें गर्व है कि समय लगने के बावजूद भारत के लोकतंत्र ने अपने महापुरुषों को उचित सम्मान दिया। वर्ष 1990 में बाबा साहब को भारत रत्न से सम्मानित किया गया और संसद के केंद्रीय कक्ष में उनका चित्र लगाया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा साहब से जुड़े पांच तीर्थस्थलों - जन्मभूमि, शिक्षा भूमि, दीक्षा भूमि, महापरिनिर्वाण भूमि और चैत्य भूमि का विकास कर उनके संदेश को समाज में स्थापित किया।
नितिन नवीन ने कहा कि आज प्रधानमंत्री आवास योजना, सुरक्षा योजनाओं, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री अन्न योजना के माध्यम से 50 करोड़ परिवारों के जीवन में बदलाव आया है और 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं।
बिहार में वर्ष 2005 के बाद नीतीश कुमार ने सुशासन की जो नींव रखी थी, आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में हमारी डबल इंजन की सरकार उस विकास को नई गति दे रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त