प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल खड़े करने वाले गंगा, यमुना और छठी मैया की महिमा को क्या समझेंगे: नितिन नवीन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि एक समय था, जब भारतीय सनातन परंपराओं और संस्कृति पर सवाल उठाए जाते थे। यहां तक कि कुछ लोगों ने प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर भी सवाल खड़े किए। ऐसे लोग गंगा मैया, यमुना मैया और छठी मैया की महिमा को क्या समझेंगे। उनके लिए ये महज नदी का जल और पोखर हो सकते हैं, लेकिन हमारे लिए ये आस्था, पूजा और आराधना का विषय हैं। गुरुवार को भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन मुनक नहर के दोनों किनारों पर 11 किलोमीटर लंबे भव्य छठ घाट का उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ दिल्ली के मंत्री मौजूद रहे। इस दौरान सिंगलपुर रोड चौड़ीकरण कार्य भी दिल्लीवासियों को समर्पित किया गया।
इस अवसर पर नितिन नवीन ने कहा कि यह दिल्ली के पूर्वांचली समाज के लिए बड़ी सौगात है। वर्षों से लंबित मांग को पूरा करते हुए दिल्ली सरकार ने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस वर्ष भी छठ महापर्व के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं, ताकि प्रत्येक परिवार श्रद्धा, सम्मान और सुविधा के साथ पर्व मना सके। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व प्रकृति की उपासना का पर्व है। इसमें भगवान सूर्य की आराधना करते हुए डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। चार दिनों तक चलने वाला यह पर्व अनुशासित जीवन जीने की कला सिखाता है और पूरे वर्ष ऊर्जा एवं शक्ति प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा शुद्धता, पवित्रता और सामूहिकता का प्रतीक है। इस दौरान समाज के सभी भेदभाव और विभाजन समाप्त हो जाते हैं तथा आपसी सद्भाव और एकता की भावना मजबूत होती है। इस पर्व में ऊंच-नीच का कोई भेदभाव नहीं होता। यह परिवार और समाज को एक सूत्र में बांधने वाली अनूठी परंपरा है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा भाव से काम करता है। भाजपा के कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग के साथ खड़े रहते हैं और सभी के कल्याण के लिए काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है। उनकी भी यहां आने की इच्छा थी। उन्हें विश्वास था कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी और पूर्वांचल के लोगों को भाजपा से जुड़ने से कोई नहीं रोक पाएगा।
उन्होंने कहा कि बिहार और पूर्वांचल के लोग देश के अलग-अलग राज्यों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। भाजपा सरकार ने उनके योगदान के साथ-साथ उनकी आस्था और परंपराओं को भी सम्मान दिया है।
नितिन नवीन ने दिल्ली सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि सरकार हर छोटे-बड़े काम को जनता से जोड़कर आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के लिए अलग बस सेवा सहित विभिन्न परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। अटल कैंटीन के माध्यम से केवल पांच रुपये में भोजन दिया जा रहा है। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
एक वोट की ताकत से मिल रहा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले नेता जनता की सेवा के बजाय अपने लिए संपत्ति जुटाने में लगे रहते थे। गरीब जनता से टैक्स के रूप में मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल जनकल्याण के बजाय आलीशान आवास बनाने और अपने इलाज पर किया जाता था।
उन्होंने कहा कि आज दिल्ली की भाजपा सरकार जनता की सेवा का काम कर रही है।
नितिन नवीन ने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा । उन्होंने कहा कि यहां पूर्व की सरकारें अपने लिए शीशमहल बनवाने में लगी थीं। उन्हें यमुना नदी को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने की कोई चिंता नहीं थी। वे गरीबों के पैसे से सिर्फ अपने लिए शीशमहल खड़े कर रही थीं।
लेकिन आज हमारी सरकार गरीबों तक आयुष्मान योजना से लेकर आवास तक, हर बुनियादी सुविधा पहुंचाने का काम कर रही है। साथ ही, यमुना नदी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए भी निरंतर प्रयास कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी