Live VNS

जंगलराज से सुशासन तक की यात्रा को जनता तक पहुंचाएगा जदयू : आलोक सुमन

जंगलराज से सुशासन तक की यात्रा को जनता तक पहुंचाएगा जदयू : आलोक सुमन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

सीवान, 24 नवंबर (हि.स.)। बिहार की विकास यात्रा, सुशासन और सामाजिक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को शहर के टाउन हॉल में जनता दल यूनाइटेड की ओर से सुशासन दिवस-नीतीश संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

प्रदेश जदयू के निर्धारित कार्यक्रम 'जंगलराज से सुशासन का सफर' के तहत आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष विकास कुमार सिंह उर्फ जिशु सिंह ने की।

कार्यक्रम में जदयू के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सह गोपालगंज के सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की विकास यात्रा और सुशासन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, महिला सशक्तीकरण, पंचायती राज, जीविका, सामाजिक न्याय और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए कार्यों को रेखांकित किया। साथ ही सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

मुख्य अतिथि सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने कहा कि बिहार में विकास और प्रशासनिक व्यवस्था में आए बदलावों को लेकर आम जनता के बीच संवाद स्थापित करना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।

उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की।

सीवान की सांसद विजयलक्ष्मी देवी ने कहा कि हमारे नेता नीतीश कुमार ने उजड़े बिहार को सजाया और संवारा है। बिहार की जनता उनके योगदान को कभी भुला नहीं सकती। आज बिहार की पहचान नीतीश कुमार से है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुए बदलाव और विकास की यात्रा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।

अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष विकास कुमार सिंह उर्फ जिशु सिंह ने कहा कि 'जंगलराज से सुशासन का सफर' महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बिहार में हुए सामाजिक, आर्थिक और प्रशासनिक बदलावों को समझने तथा नई पीढ़ी तक विकास यात्रा की जानकारी पहुंचाने का माध्यम है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास और सुशासन के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है। पार्टी का उद्देश्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश सचिव उमेश ठाकुर ने किया।

इस मौके पर कार्यक्रम प्रभारी रेयाजुल हक राजू, विधायक हेमनारायण साह, विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल, विधायक भीष्म प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री विक्रम कुंवर, जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष चन्द्रकेतु सिंह, मदरसा बोर्ड के सदस्य निजामुद्दीन अंसारी, मुर्तुजा अली कैसर, मोहन प्रसाद राजभर, राजेश्वर चौहान, संदेश महतो, निकेश चन्द्र तिवारी, प्रो. अभय सिंह, विजय सिंह कुशवाहा, विजय प्रसाद वर्मा, लालबाबू कुशवाहा, संजय कुमार सिंह, मुर्तुजा अली पैगाम, इंदु देवी, डॉ. प्रदीप सिंह, डॉ. सी.वी. मिश्रा, सुनील कुमार, रमेश यादव, नीलेंदु त्यागी एवं रंजीत यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…