Live VNS

आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस: नित्यानंद राय ने प्रबुद्ध नागरिकों से विकसित भारत बनाने का किया आह्वान

आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस: नित्यानंद राय ने प्रबुद्ध नागरिकों से विकसित भारत बनाने का किया आह्वान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कटिहार 28 नवंबर, (हि.स.)। “देश की सुरक्षा केवल सरकार और सुरक्षा बलों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर जागरूक नागरिक का राष्ट्रीय धर्म है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और अराजक तत्वों को करारा जवाब देने के लिए प्रबुद्ध वर्ग की सक्रिय भागीदारी निर्णायक है।” ये बातें भारत सरकार के केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने शनिवार को जैन अतिथि भवन के प्रशाल में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कहीं। भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज राय के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री के आह्वान पर सभागार में मौजूद सैकड़ों बुद्धिजीवियों ने महिला आरक्षण विधेयक के समर्थन में हाथ उठाकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया।

राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गान से गुंजायमान हुए सभागार में जिला अध्यक्ष मनोज राय ने केंद्रीय मंत्री को पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया। अपने ओजस्वी संबोधन में श्री राय ने आतंकवाद और देशविरोधी गतिविधियों के विरुद्ध केंद्र सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश की आंतरिक और बाह्य सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हुई हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और कानून के प्रति सम्मान ही मजबूत लोकतंत्र की पहचान है। जिला अध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि प्रबुद्ध नागरिक समाज को सही दिशा देने और जन-जागरण के सबसे सशक्त संवाहक हैं।

वक्ताओं ने महिला सशक्तीकरण को राष्ट्र निर्माण की धुरी बताते हुए कहा कि निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं का उचित प्रतिनिधित्व लोकतंत्र को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। इस गरिमामयी आयोजन में भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेश झा, क्षेत्रीय प्रभारी प्रणाम यादव, जिला प्रभारी प्रफुल्ल रंजन वर्मा, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, कोढ़ा विधायक कविता पासवान, प्राणपुर विधायक सह महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष निशा सिंह, प्रदेश मंत्री सीमा झा, पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, पूर्व विधान पार्षद राजवंशी सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, जिला महामंत्री रामनाथ पांडेय व सौरभ कुमार मालाकार सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…